1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. काली पट्टी बांधकर उतरीं हैदराबाद और मुंबई की टीमें, पहलगाम हमले पर क्या बोले पैट कमिंस और हार्दिक पांड्या

काली पट्टी बांधकर उतरीं हैदराबाद और मुंबई की टीमें, पहलगाम हमले पर क्या बोले पैट कमिंस और हार्दिक पांड्या

 Published : Apr 23, 2025 07:33 pm IST,  Updated : Apr 23, 2025 08:03 pm IST

आईपीएल में भी पहलगाम में हुए आतंकी हमले का असर दिखाई दिया। दोनों कप्तानों ने इस हमले की निंदा की। साथ ही टीमें अपने हाथ पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरी हैं।

पैट कमिंस और हार्दिक...- India TV Hindi
पैट कमिंस और हार्दिक पांड्या Image Source : AP

मंगलवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बीसीसीआई ने आईपीएल के बुधवार के मुकाबले को लेकर कुछ खास फैसले लिए हैं। इस बीच जब 23 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबल शुरू हुआ तो दोनों टीमों के कप्तानों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। आईपीएल का मुकाबला तो हो रहा है, लेकिन इस दौरान वैसा नाच गाना नहीं दिखाई देगा, जैसा कि पहले मैचों में होता रहा है। 

पहलगाम में हुए हमले की पैट कमिंस ने भी की निंदा

पहलगाम में हुए आतंकी हमले में अब तक 26 लोगों के मारे जाने की खबर है, वहीं कई लोग घायल भी हैं, जिनका इलाज जारी है। आतंकी हमले को लेकर बीसीसीआई ने दिन में ही साफ कर दिया था कि जब मुकाबला होगा तो दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ पर काली पट्टी बांधकर इस घिनौने काम को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। हार्दिक पांड्या और पैट कमिंस ज​ब टॉस के लिए आए तो उनके हाथ पर काली पट्टी बंधी हुई थी। इस बीच जब पैट कमिंस टॉस के वक्त आए तो उन्होंने अपनी टीम के बारे में तो बात की, जिसमें एक बदलाव किया गया है, उसके साथ ही उन्होंने पहलगाम हमले को लेकर भी अपनी बात रखी। पहलगाम आतंकी हमले के बारे में पैट कमिंस ने कहा कि यह हमारे लिए भी बहुत दुखद बात है। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि टीम में एक बदलाव किया गया है। मोहम्मद शमी की जगह जयदेव उनादकट को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है। 

हार्दिक पांड्या ने भी व्यक्त की संवेदनाएं

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने सबसे पहले पहलगाम की ही बात की। उन्होंने कहा कि वे सबसे पहले आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहते हैं। हम एक टीम और एक फ्रैंचाइज के रूप में ऐसे किसी भी हमले की निंदा करते हैं। हार्दिक पांड्या के चेहरे के भाव साफ तौर पर बता रहे थे कि वे इस पूरे घटनाक्रम से काफी दुखी हैं। अमूमन हंसते और मुस्कराते रहने वाले हार्दिक पांड्या के चेहरे पर काफी गम नजर आ रहा था। इसके बाद उन्होंने बताया कि उनकी टीम में आज एक बदलाव किया गया है। अश्विनी कुमार की जगह विग्नेश पुथुर को शामिल किया गया है।

नो चियरलीडर्स और ना ही नाच गाना

आपको बता दें कि बीसीसीआई ने बुधवार को दिन में ही ये साफ कर दिया था कि मैच के दौरान चीयरलीडर्स नजर नहीं आएंगी। वहीं मैदान में जो म्यूजिक बजता है और डांस होता है, वैसा भी कुछ नहीं होगा। ये सब पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर किया गया है। आईपीएल तो हो रहा है, लेकिन इस मैच को लेकर उतना उत्साह नजर नहीं आ रहा है, जो इससे पहले के मैचों में हुआ करता था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल