एमएस धोनी ने अब तक इस साल के आईपीएल में एक भी मैच नहीं खेला है। वहीं रोहित शर्मा पिछले दो मैच मुंबई इंडियंस के लिए मिस कर चुके हैं। आज आईपीएल में एक बड़ा और अहम मुकाबला खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस औेर चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मैच होना है। उम्मीद की जा रही है कि धोनी और रोहित दोनों इस मैच में नजर आएंगे, हालांकि आखिरी फैसला शाम को टॉस से ठीक पहले किया जाएगा। इस बीच जानते हैं कि दोनों खेमों से इन दोनों प्लेयर्स को लेकर क्या अपडेट आ रहा है।
धोनी ने नहीं खेला है अभी तक एक भी मैच, ट्रेनिंग सेशन में बैटिंग और कीपिंग की प्रैक्टिस
आईपीएल के अब तक 32 मैच हो चुके हैं। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने 6 मैच खेल लिए हैं, लेकिन अभी तक टीम के स्टार खिलाड़ी एमएस धोनी नजर नहीं आए हैं। इस बीच अब जो अपडेट आ रहा है, उससे पता चलता है कि इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने को हैं और आज धोनी की वापसी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि सीएसके के ट्रेनिंग सेशन के दौरान धोनी ने बैटिंग की और कीपिंग की है। इससे पहले इस सीजन धोनी ने नेट्स पर कभी इतना वक्त नहीं गुजारा है। इससे पता चलता है कि धोनी खुद भी जल्द से जल्द मैदान पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि मैच से पहले धोनी की हालत क्या है, इस पर उनकी वापसी निर्भर करेगी। वैसे भी आज आईपीएल का सबसे बड़ा मुकाबला है, इसमें धोनी की वापसी हो जाए तो कोई बड़ी बात नहीं है।
रोहित के बगैर मुंबई इंडियंस की टीम भी अधूरी
बात अगर रोहित शर्मा की करें तो वे भी दो मैच मिस कर चुके हैं। उन्हें हैमस्ट्रिंग की दिक्कत हो गई थी, जिससे अब वे उबरते हुए नजर आ रहे हैं। मुंबई की टीम ने भले ही पांच आईपीएल खिताब अपने नाम किए हों, लेकिन इस साल टीम की हालत कुछ खास अच्छी नहीं है। ऐसे में रोहित का मैदान पर उतरना जरूरी माना जा रहा है। हालांकि रोहित को लेकर टीम कोई रिस्क नहीं लेना चाहेगी, जब तक वे पूरी तरह से फिट नहीं होंगे, वे खेलने नहीं आएंगे। अगर रोहित और धोनी दोनों मैदान पर आते हैं, तो फिर आज के मैच में रोमांच अपने चरम पर होगा।
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा/दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स/शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, एएम गजनफर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार।
चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेट कीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट/एमएस धोनी, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी/मैट हेनरी/अकील हुसैन, गुरजपनीत सिंह।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: भारत और साउथ अफ्रीका की टीमों ने मिलकर बना दिया रिकॉर्ड, अब सूपड़ा साफ होने का खतरा
IPL Points Table: राजस्थान रॉयल्स ने जीत के साथ मारी छलांग, इन टीमों को हो गया नुकसान