1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का आईसीसी रैंकिंग में जलवा, इतनी लंबी मार दी छलांग

मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का आईसीसी रैंकिंग में जलवा, इतनी लंबी मार दी छलांग

 Published : Aug 06, 2025 03:24 pm IST,  Updated : Aug 06, 2025 03:24 pm IST

ICC Rankings: आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारत के मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने लंबी छलांग मारी है। इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।

mohammad siraj and prasidh krishna- India TV Hindi
मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा Image Source : GETTY

ICC Test Rankings: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए आखिरी मुकाबले के असली हीरो तो भारत के दो गेंदबाज ही रहे, जिन्होंने करीब करी​ब हारा हुआ मुकाबला टीम इंडिय की झोली में डाल दिया। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल की गेंदबाजी की। वैसे तो पूरी सीरीज प्रसिद्ध के लिए कुछ खास नहीं गई, लेकिन उन्होंने पांचवें मैच से सारी कसर पूरी कर दी। अपने लाजवाब प्रदर्शन का फायदा इन दोनों गेंदबाजों को अब आईसीसी रैंकिंग में भी हुआ है, जहां इन्होंने लंबी छलांग मारी है। 

जसप्रीत बुमराह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज

भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद आईसीसी ने नई रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें अभी भी जसप्रीत बुमराह नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। हालांकि आखिरी मैच बुमराह ने नहीं खेला था। बुमराह की रेटिंग अभी 889 की है। इस बीच पहले और दूसरे नंबर के गेंदबाज के बीच रेटिंग का काफी अंतर है। इस वक्त टेस्ट रैंकिंग में दूसरे नंबर पर कगिसो रबाडा हैं, जिनकी रेटिंग 851 की है। यानी बुमराह को ​हाल फिलहाल कोई भी खतरा नहीं है। 

मोहम्मद सिराज छलांग लगाकर सीधे नंबर 15 पर पहुंचे

अब बात करते हैं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की। मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में जिस तरह की गेंदबाजी की है, उससे उनकी रेटिंग बढ़कर 674 हो गई है। उन्होंने एक साथ 12 स्थानों की छलांग मारी है। सिराज अब सीधे नंबर 15 पर पहुंच गए हैं। ये पहली बार है, जब सिराज ने आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर 15 की कुर्सी पर कब्जा जमाया हो। ये सिराज की आलटाइम हाई रैंकिंग भी है। 

प्रसिद्ध कृष्णा ने भी मारी छलांग

अब बात प्रसिद्ध कृष्णा की। प्रसिद्ध ने शुरुआती कुछ मैचों में तो खूब रन लुटाए, लेकिन आखिरी मैच में वे असली हीरो बनकर उभरे। यही वजह रही कि उनकी रेटिंग बढ़कर अब 368 की हो गई है। प्रसिद्ध कृष्णा ने इस बार एक साथ 25 स्थानों की छलांग मारी और सीधे नंबर 59 पर पहुंच गए हैं। ये प्रसिद्ध की भी आलटाइम हाई रैंकिंग है। अब तो सीरीज खत्म है, लेकिन अगली सीरीज में इनका प्रदर्शन कैसा रहता है, ये देखना काफी दिलचस्प होगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल