India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच एक और महामुकाबले की तैयारी शुरू हो चुकी है। एशिया कप का आगाज अगले महीने होगा। वैसे तो इसका पहला मैच 9 सितंबर को खेला जाएगा, लेकिन सभी की नजर 14 सितंबर पर होगी, जिस दिन भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने होंगी। इस बार का एशिया कप टी20 फॉर्मेट पर होगा। ऐसे में आपका ये जानना जरूरी है कि जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें टी20 फॉर्मेट में आमने सामने हुई हैं तो सबसे ज्यादा रन किसने बनाने का काम किया है।
विराट कोहली पहले नंबर पर काबिज
भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मुकाबले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज टीम इंडिया के विराट कोहली हैं। वे बाकी बल्लेबाजों से इतने आगे हैं कि उन्हें पीछे कर पाना हालफिलहाल तो होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। विराट कोहली ने साल 2012 से लेकर 2024 तक पाकिस्तान के खिलाफ 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 492 रन बनाने का काम किया है। उनके नाम पांच अर्धशतक पाकिस्तान के खिलाफ दर्ज हैं। विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ 70.28 के औसत और 123.92 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने काम किया है।
कोहली के बाद आता है इन बल्लेबाजों का नाम
विराट कोहली के बाद दूसरा नंबर पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान का आता है। उन्होंने भारत के खिलाफ अभी तक 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 228 रन बनाने का काम किया है। उनके नाम इस दौरान दो अर्धशतक हैं। तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के ही शोएब मलिक हैं, जिन्होंने 9 मैच भारत के खिलाफ खेलकर 164 रन बनाए हैं। इसके बाद बारी आती है मोहम्मद हफीज की। जिन्होंने 8 टी20 मैच भारत के खिलाफ खेलकर 156 रन बनाए हैं।
इस बार भी दूसरे नंबर पर नहीं जाएंगे कोहली
विराट कोहली मोहम्मद रिजवान और बाकी बल्लेबाजों से कितने आगे हैं, ये तो आपने देख ही लिया। कोहली ने भले ही टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले लिया हो और इस बार एशिया कप ना खेल रहे हों, लेकिन फिर भी ऐसा नहीं लगता कि कोई दूसरा बल्लेबाज उन्हें पीछे छोड़ पाएगा। कोहली से सबसे करीब मोहम्मद रिजवान हैं, लेकिन उन्हें एशिया कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम में शामिल नहीं किया गया है।