1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025 रिटेंशन से पहले धोनी का खेलने पर बड़ा बयान, इस ओर किया इशारा

IPL 2025 रिटेंशन से पहले धोनी का खेलने पर बड़ा बयान, इस ओर किया इशारा

 Published : Oct 26, 2024 02:33 pm IST,  Updated : Oct 26, 2024 02:36 pm IST

महेंद्र सिंह धोनी को सीएसके की टीम आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर रिटेन कर सकती है। वहीं धोनी ने भी अपने खेलने पर बड़ा बयान दिया है।

MS Dhoni- India TV Hindi
MS Dhoni Image Source : GETTY

महेंद्र सिंह धोनी की गिनती भारत के महान कप्तानों में होती है। उनके चतुर दिमाग और करिश्माई कप्तानी का कोई सानी नहीं है। उनकी कप्तानी में भारत ने 3 आईसीसी ट्रॉफियां जीती हैं। वह 43 साल के हो चुके हैं और अभी भी आईपीएल में खेल रहे हैं। उनका अपना फैन बेस है। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) आईपीएल खिताब जिताए हैं। पिछले सीजन ही धोनी ने सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपी गई थी। अब आईपीएल 2025 से पहले मेगा ऑक्शन अगले महीने हो सकता है। इससे पहले सभी टीमों को अपनी रिटेंशन लिस्ट 31 अक्टूबर तक आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को सौंपनी है। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या CSK धोनी को रिटेन करेगी या नहीं? 

धोनी ने कही ये बात

महेंद्र सिंह धोनी ने एक प्रमोशनल इवेंट में बोलते हुए कहा कि मैं पिछले कुछ सालों में जो भी क्रिकेट खेल पाया हूं उसका आनंद लेना चाहता हूं। जब आप क्रिकेट को एक पेशेवर खेल की तरह खेलते हैं, तो एक खेल की तरह इसका आनंद लेना मुश्किल हो जाता है। यही मैं करना चाहता हूं। यह आसान नहीं है। भावनाएं आती रहती हैं। मैं अगले कुछ साल इस खेल का आनंद लेना चाहता हूं। मुझे खुद को नौ महीने तक फिट रखना है, ताकि मैं ढाई महीने आईपीएल खेल सकूं। आपको इसकी योजना बनाने की जरूरत है, लेकिन साथ ही थोड़ा शांत भी रहना होगा। 

अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर हो सकते हैं रिटेन

धोनी के बयान से साफ नजर आ रहा है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर रिटेन हो सकते हैं। क्योंकि उन्होंने कहा कि वह कुछ और साल इस गेम को देना चाहते हैं। अगर कोई कैप्ड भारतीय खिलाड़ी संबंधित सीजन के आयोजन से पहले के पिछले पांच कैलेंडर ईयर में इंटरनेशनल क्रिकेट (टेस्ट मैच, वनडे, टी20 इंटरनेशनल) की शुरुआती प्लेइंग इलेवन में नहीं खेला है या उसके पास BCCI के साथ केंद्रीय अनुबंध नहीं है, तो वह अनकैप्ड हो जाएगा। यह नियम सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों के लिए लागू होगा। अनकैप्ड खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी चार करोड़ रुपये में रिटेन कर सकती हैं। 

IPL में बनाए पांच हजार रन 

आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने दम पर चेन्नई सुपर किंग्स को कई मैच जिताए हैं। वह साल 2008 से ही आईपीएल में खेल रहे हैं और उन्होंने अभी तक कुल 264 मैच खेले हैं, जिसमें 5243 रन बनाए हैं। इस दौरान 84 रन उनका हाईएस्ट स्कोर रहा है। धोनी ने आईपीएल में 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। आईपीएल में फैंस उनको देखने के लिए खास तौर से स्टेडियम पहुंचते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल