MS Dhoni & Sakshi Viral Video: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। यह एक रोमांचक हाईस्कोरिंग मुकाबला रहा जहां अंत में टीम इंडिया बाजी मारने में कामयाब रही। इस मैच के दौरान रोमांच की सारी हदें पार हो गई। इस सेमीफाइनल मैच से टीम इंडिया के कप्तान पूर्व एमएस धोनी और उनकी पत्नी साक्षी धोनी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला इंग्लैंड की पारी के 18वें ओवर में हुआ। इस मैच में इंग्लैंड की टीम 254 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा कर रही थी। उस ओवर में जसप्रीत बुमराह की एक गेंद पर सैम करन ने सामने की ओर बड़ा शॉट खेला। बुमराह ने फॉलो-थ्रू में गेंद को रोका जिसे देखकर स्टैंड्स में बैठीं साक्षी धोनी को लगा कि बुमराह ने कैच लपक लिया है। ऐसे में साक्षी अपनी सीट पर उछलने लगीं और इसका जश्न मनाने लगीं। लेकिन धोनी ने जिस तरह से उन्हें शांत करवाया वो काफी एपिक था।
हालांकि हकीकत यह थी कि गेंद बुमराह के हाथों में आने से पहले जमीन को छू चुकी थी, जिसे बंप कैच कहा जाता है। जब धोनी ने अपनी पत्नी को इस तरह बिना विकेट गिरे जश्न मनाते देखा तो उन्होंने बड़े ही मजेदार अंदाज में साक्षी को शांत रहने के लिए कहा। धोनी का यह मजेदार रिएक्शन देखकर पास में बैठे लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। एमएस धोनी का ये रिएक्शन सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
मुकाबले की बात करें तो वहां इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका ये फैसला पूरी तरह से गलत साबित हुआ। सूर्या एंड कंपनी ने 20 ओवरों में 253 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन मात्र 42 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं शिवम दुबे ने भी 25 गेंदों में 43 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी की लेकिन अंत में वह जीत से 7 रन दूर रह गए। भारत ने इस जीत के साथ ही शान से फाइनल में एंट्री कर ली है।
यह भी पढ़ें
फाइनल में पहुंचते ही टीम इंडिया ने रच दिया इतिहास, खत्म किया ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
संपादक की पसंद