आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से धमाकेदार जीत के साथ की है, जिसमें वह इंडियन प्रीमियर लीग में 14 साल के बाद सीजन के अपने पहले मुकाबले को जीतने में कामयाब हो पाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इस सीजन के पहले मैच में मुंबई इंडियंस की टीम को 20 ओवर्स में 221 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा उन्होंने 19.1 ओवर्स में सिर्फ 4 विकेट के नुकसान पर कर लिया। मुंबई इंडियंस की जीत में रोहित शर्मा और रेयान रिकल्टन के बल्ले का कमाल देखने को मिला, जिसमें रोहित ने जहां 78 रनों की बेहतरीन पारी खेली तो वहीं रिकल्टन ने 81 रन बनाए। मुंबई इस जीत के साथ एक ऐसा मुकाम हासिल करने में कामयाब हुई जो आईपीएल में अब तक कोई दूसरी टीम करने में कामयाब नहीं हो सकी है।
मुंबई ने दर्ज की केकेआर के खिलाफ 25वीं जीत
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड हमेशा शानदार देखने को मिला है, जिसे उन्होंने इस मैच में भी जारी रखा। मुंबई की ये केकेआर के खिलाफ आईपीएल इतिहास में 25वीं जीत थी, जिसके साथ मुंबई इंडियंस पहली ऐसी टीम बन गई है जो आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ 25 मुकाबले जीतने में कामयाब हो सकी है। इसके अलावा एक वेन्यू पर आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में भी मुंबई इंडियंस के नाम पर ही ये रिकॉर्ड दर्ज है, जिसमें उन्होंने केकेआर के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 13 मैचों में 11वीं जीत हासिल की है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने छठी बार 200 या उससे अधिक का टारगेट चेज किया है, जिसमें वह अब सिर्फ पंजाब किंग्स की टीम से पीछे है जिन्होंने 8 बार ये कारनामा किया है।
आईपीएल में मुंबई ने किया अपना सबसे बड़ा टारगेट चेज
मुंबई इंडियंस को इस मैच में केकेआर की टीम ने 221 रनों का बड़ा टारगेट दिया था, जिसे वह हासिल करने में सफल रहे। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपना सबसे बड़ा टारगेट चेज करने के मामले में नया रिकॉर्ड भी बना दिया। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने साल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 219 रनों के टारगेट को हासिल किया था। वानखेड़े स्टेडियम में भी ये आईपीएल इतिहास का अभी तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया है, जिसमें इससे पहले मुंबई इंडियंस ने साल 2013 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 213 रनों का टारगेट हासिल किया था।
ये भी पढ़ें
रोहित शर्मा ने IPL 2026 सीजन की धुरंधर शुरुआत, विराट कोहली को इस मामले में छोड़ा पीछे
CSK को लगा एक और बड़ा झटका, धोनी के बाद अब ये धाकड़ खिलाड़ी भी शुरुआती मैचों से हुआ बाहर