Murugan Ashwin Retirement: तमिलनाडु के क्रिकेटर मुरुगन अश्विन ने 35 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट और आईपीएल को अलविदा कह दिया है। अश्विन ने अपने संन्यास की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। वह आईपीएल में छह टीमों के लिए खेलने में कामयाब रहे। मुरुगन एक टी20 स्पेशलिस्ट बॉलर थे और इस फॉर्मेट में उनके आंकड़े भी काफी अच्छे थे। मुरुगन अश्विन ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए बयान में अपनी क्रिकेट जर्नी, तमिलनाडु क्रिकेट और आईपीएल में अपने अनुभवों के बारे में बात की।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में मुरुगन अश्विन ने क्या लिखा?
मुरुगन अश्विन ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि छह साल की उम्र से ही उन्हें क्रिकेट से बहुत प्यार रहा है। इस खेल ने उन्हें एक बेहतर इंसान बनाया है और मैदान पर अपनी पहचान बनाने का मौका दिया है। उनका अब तक का सफर बेहद शानदार रहा है। इसके साथ ही उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल (IPL) से संन्यास लेने का बड़ा फैसला किया है। अश्विन ने कहा कि भले ही वह घरेलू मैचों और आईपीएल को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन वह भविष्य में मिलने वाले नए मौकों और चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं और आगे भी इस खेल को उसी पुराने जोश और कॉम्पिटिशन के साथ खेलते रहेंगे। मुरुगन अश्विन ने अपनी आईपीएल टीमों का आभार जताते हुए कहा कि वह उन सभी टीमों को धन्यवाद देना चाहते हैं, जिनके लिए उन्होंने अपने आईपीएल करियर में खेला है।
आईपीएल में किन टीमों का हिस्सा रहे मुरुगन अश्विन?
मुरुगन अश्विन ने अपने आईपीएल करियर में छह अलग-अलग टीमों के लिए खेला, जिनमें दिल्ली कैपिटल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (2016), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2018), पंजाब किंग्स (2019-2021), मुंबई इंडियंस (2022) और राजस्थान रॉयल्स (2023) शामिल हैं। अगर उनके घरेलू करियर की बात करें, तो उन्होंने 7 फर्स्ट-क्लास मैच और 34 लिस्ट-ए (वनडे) मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35 विकेट चटकाए। इसके अलावा अश्विन ने साल 2016 से 2023 के बीच कुल 44 आईपीएल मैच खेले, जिसमें उन्होंने लगभग 33 के औसत से 35 विकेट अपने नाम किए। वह अपने करियर में कुल 117 टी20 मैच खेलने में भी कामयाब रहे, इस दौरान उन्होंने 115 विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें
जसप्रीत बुमराह का ये क्या हाल हुआ? IPL 2026 में बना दिया टी20 इतिहास का सबसे अनचाहा रिकॉर्ड