1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जीत मिलने के बाद भी जारी रही टीम इंडिया की बैटिंग, टी20 मैच में भारत ने बनाए टारगेट से 45 रन ज्यादा, क्यों हुआ ऐसा

जीत मिलने के बाद भी जारी रही टीम इंडिया की बैटिंग, टी20 मैच में भारत ने बनाए टारगेट से 45 रन ज्यादा, क्यों हुआ ऐसा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : May 25, 2026 09:20 pm IST,  Updated : May 25, 2026 09:24 pm IST

भारतीय महिला टीम 28 मई से इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया ने एक वॉर्म अप मैच खेला। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टारगेट से 45 रन ज्यादा बना दिए।

Smriti Mandhana- India TV Hindi
स्मृति मंधाना Image Source : AP

India Women vs ECB Development Women's XI: 28 मई से भारतीय महिला टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के ठीक बाद दोनों ही टीमें टी20 वर्ल्ड कप में खेलती हुई नजर आएगी। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारतीय महिला टीम ने वॉर्म अप मैच खेला, जहां टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। वॉर्म अप मैच में टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए ECB डेवलपमेंट महिला XI को 7 विकेट से हरा दिया। चेल्म्सफोर्ड के एम्बेसडर क्रूज लाइन ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में सबसे खास बात ये रही कि टीम इंडिया ने टारगेट को अचीव करने के बाद भी अपनी बल्लेबाजी जारी रखी और जो लक्ष्य मिला था उससे 45 रन ज्यादा बना दिए।

गेंदबाजी में टीम इंडिया के लिए अरुंधति रेड्डी ने किया कमाल

इस वॉर्म-अप मैच में पहले बैटिंग करते हुए ECB डेवलपमेंट टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 154 रन का स्कोर बनाया। उनकी टीम की तरफ से फ्लोरेंस मिलर ने सबसे ज्यादा 48 रन, इस दौरान उन्होंने 41 गेंदों का सामना किया। जबकि जोआन गार्डनर ने 27 बॉल पर 36 रनों की पारी खेली। टीम की कप्तान सोफिया स्मेल 27 रन बनाकर नाबाद लौटीं। भारत की तरफ से अरुंधति रेड्डी सबसे सफल गेंदबाज रही, इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल के खाते में भी 1-1 विकेट आया।

शैफाली वर्मा ने वॉर्म अप मैच में लगाया अर्धशतक

155 रन के टारगेट को हासिल करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत काफी अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 10 बॉल पर 210 की स्ट्राइक रेट से 21 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरी यास्तिका भटिया ने 35 बॉल पर 47 रन का योगदान दिया। इसके बाद भारती फूलमाली 29 गेंदों में 5 चौके और दो छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेलकर आउट हुई। इस मैच में टीम इंडिया के लिए शेफाली वर्मा ने बेहतरीन पारी खेली, उन्होंने 25 गेंदों पर 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 50 रन बनाए। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा।

टारगेट हासिल करने के बाद भी क्यों बैटिंग करती रही टीम इंडिया?

इस मैच में टीम इंडिया ने 155 रन के टारगेट को 16.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया। लेकिन टारगेट हासिल करने के बाद भी भारतीय टीम बैटिंग करती रही। टीम इंडिया ने पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी की और स्कोरबोर्ड पर 200 रन लगा दिए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ये एक वॉर्म-अप मैच था, ऐसे में भारतीय टीम के प्लेयर्स ने अपनी तैयारियों को मजबूत करने के लिए 20 ओवर तक बैटिंग की। इसी वजह से टीम इंडिया ने इस मैच में टारगेट से 45 रन ज्यादा बना दिए।

यह भी पढ़ें

आईपीएल क्वालीफायर में आई बारिश तो फाइनल में कौन सी टीम जाएगी, रिजर्व डे नहीं, कैसे होगा फैसला

जसप्रीत बुमराह का ये क्या हाल हुआ? IPL 2026 में बना दिया टी20 इतिहास का सबसे अनचाहा रिकॉर्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल