1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मुशफिकुर रहीम ने लंका की धरती पर सैकड़ा जड़ रच दिया इतिहास, मोहम्मद अशरफुल का तोड़ दिया रिकॉर्ड

मुशफिकुर रहीम ने लंका की धरती पर सैकड़ा जड़ रच दिया इतिहास, मोहम्मद अशरफुल का तोड़ दिया रिकॉर्ड

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 17, 2025 07:03 pm IST,  Updated : Jun 17, 2025 07:03 pm IST

बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच गाले में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन बांग्लादेश की ओर से 2 शानदार शतक देखने को मिले।

Mushfiqur Rahim- India TV Hindi
मुशफिकुर रहीम Image Source : AP

Sri Lanka vs Bangladesh: श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच गाले में 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का 17 जून से आगाज हो गया। इसके साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC 2025-27 चक्र की भी शुरूआत हो गई है। पहले टेस्ट मैच के पहले दिन बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने कमाल कर दिया। कप्तान नजमुल हसन शांतो और फिर मुशफिकुर रहीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार सैकड़ा जड़ दिया। इस तरह बांग्लादेश ने दिल का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 292 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं।

नजमुल हसन शांतो 136 रन जबकि मुशफिकुर रहीम 105 रन बनाकर नाबाद लौटे। रहीम ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। वह श्रीलंका की सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मोहम्मद अशरफुल (751 रन) को पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले अशरफुल के नाम श्रीलंका में टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड था। रहीम के नाम अब लंका की धरती पर 755 टेस्ट रन हो गए हैं।

हर देश में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बांग्लादेशी बल्लेबाज 

  • बांग्लादेश: मुश्फिकुर रहीम- 3580 रन 
  • श्रीलंका: मुश्फिकुर रहीम- 752* रन 
  • न्यूजीलैंड: तमीम इकबाल- 622 रन
  • वेस्टइंडीज: तमीम इकबाल- 528 रन 
  • पाकिस्तान: हबीबुल बशर- 488 रन
  • भारत: मुश्फिकुर रहीम- 400 रन
  • जिम्बाब्वे: मोहम्मद अशरफुल- 297 रन
  • साउथ अफ्रीका: मुश्फिकुर रहीम- 269 रन
  • इंग्लैंड: तमीम इकबाल- 268 रन
  • ऑस्ट्रेलिया: हन्नान सरकार- 166

मुशफिकुर रहीम ने बल्ले से दिखाया दम

मुशफिकुर रहीम ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले दिन अपने टेस्ट करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक खेली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 16.1 ओवर में 45 रन पर अपने 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने कप्तान के साथ मिलकर न केवल पारी को संभाला बल्कि चौथे विकेट के लिए 247 रनों की शानदार साझेदारी की। इस तरह बांग्लादेश की टीम पहले दिन 290 से ज्यादा रनों का स्कोर बनाने में सफल रही। अब दूसरे दिन दोनों बल्लेबाजों की कोशिश अपनी टीम का स्कोर 400 के पार ले जाने की होगी ताकि मेजबान टीम पर प्रेशर बनाया जा सके। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल