1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मुस्तफिजुर रहमान ने तो कमाल ही कर दिया, शाकिब अल हसन से भी निकल गए आगे

मुस्तफिजुर रहमान ने तो कमाल ही कर दिया, शाकिब अल हसन से भी निकल गए आगे

 Published : Sep 01, 2025 06:15 pm IST,  Updated : Sep 01, 2025 06:15 pm IST

मुस्तफिजुर रहमान बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले नंबर वन की कुर्सी पर शाकिब अल हसन का कब्जा हुआ करता था।

mustafizur rahman- India TV Hindi
मुस्तफिजुर रहमान Image Source : PTI

बांग्लादेश की टीम इस वक्त एशिया कप की तैयारियों में लगी है। एशिया कप का आगाज तो 9 सितंबर से होगा, लेकिन इससे पहले टीम इस वक्त नीदरलैंड्स के खिलाफ टी20 सीरीज खेल रही है। वैसे तो नीदरलैंड्स की टीम को कमजोर माना जाता है, लेकिन एशिया कप की तैयारी तो कम से कम हो ही जाएगी। इसी सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने कुछ अलग ही कारनामा कर दिया है। वे बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मुकाबले जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। 

साल 2015 में किया था मुस्तफिजुर रहमान ने अपना डेब्यू

मुस्तफिजुर रहमान की गिनती बांग्लादेश के पुराने और शानदार खिलाड़ियों में होती है। वे आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आते हैं। साल 2015 में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले मुस्तफिजुर रहमान ने अब बांग्लादेश के लिए 53 मैच अपने नाम कर लिए हैं। इससे पहले बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले खिलाड़ी शाकिब अल हसन हुआ करते थे। शाकिब अल हसन ने अब तक 52 टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने का काम किया है। 

बांग्लादेश के दो ही खिलाड़ी जीत पाए हैं 50 से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच

इस मामले में तीसरे नंबर पर लिटन दास हैं, जिन्होंने 49 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं। महमदुल्लाह की बात की जाए तो उन्होंने भी 49 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं। यानी कुल मिलाकर दो ही खिलाड़ी बांग्लादेश के अब तक ऐसे हैं, जो 50 से ज्यादा टी20 इंटरनेशनल जीतने में कामयाब हो पाए हैं। 

अब तक ऐसा रहा है मुस्तफिजुर का इंटरनेशनल करियर

अब तक 112 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर मुस्तफिजुर रहमान ने 140 विकेट अपने नाम करने में सफलता हासिल की है। वहीं इतने ही वनडे मैच खेलकर मुस्तफिजुर ने 175 विकेट लिए हैं। वहीं बात अगर टेस्ट की करें तो ये उन्होंने केवल 15 ही खेले हैं और इसमें 31 विकेट झटके हैं। मुस्तफिजुर रहमान अभी करीब 29 साल के हैं और उनके पास खेलने का अभी पर्याप्त वक्त मौजूद हैं। अगर वे कुछ और साल तक इंटरनेशनल मुकाबले खेलते रहे तो कुछ और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। 

एशिया कप के दौरान भी आएंगे नजर

अब मुस्तफिजुर रहमान की असली परीक्षा तो एशिया कप में होगी, जब कई मजबूत टीमों से उनका मुकाबला होगा। इस दौरान वे कैसी गेंदबाजी करते हैं, ये देखना काफी दिलचस्प होगा। बांग्लादेश की टीम का ऐलान ​एशिया कप के लिए किया जा चुका है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल