Mustafizur Rahman Record: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच इन दिनों तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है। टी-20 सीरीज का पहला मैच शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने इतिहास रच दिया है। वह अब एक टी-20 इंटरनेशनल मैच में चार ओवर के स्पेल में बांग्लादेश के लिए सबसे कम रन देने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने आज वाले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ चार ओवर के स्पेल में 6 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।
जसप्रीत बुमराह से आगे निकले मुस्तफिजुर रहमान
बांग्लादेश के लिए एक T20I मैच में सबसे कम रन देने का रिकॉर्ड इससे पहले रिशाद होसैन, तंजीम हसन साकिब और खुद मुस्तफिजुर रहमान के नाम था। इन तीनों गेंदबाजों ने एक T20I मैच में 4 ओवर के स्पेल में 7 रन खर्च किए थे। वहीं एक T20I मैच में सबसे कम रन देने के मामले में रहमान अब जसप्रीत बुमराह से आगे निकल गए हैं। बुमराह ने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टी-20 इंटरनेशनल मैच में चार ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। भारत के लिए एक T20I मैच में सबसे कम रन देने का रिकॉर्ड भुवनेश्वर कुमार के नाम है। उन्होंने 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ एक मैच में 4 ओवर में 4 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।
बांग्लादेश ने पहली बार T20I में किया ऐसा
बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में एक और इतिहास रचा है। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को पहली बार किसी टी-20 इंटरनेशनल मैच में ऑलआउट किया है। इससे पहले T20I में ऐसा कभी नहीं हुआ था। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की टीम 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
सिर्फ तीन बल्लेबाज बना पाए डबल डिजिट में स्कोर
मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में टीम को पहला झटका लगा। इसके बाद टीम ;लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। देखते ही देखते 46 के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौटे गई। इन आउट हुए 5 बल्लेबाजों में से कोई भी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। पाकिस्तान की कमर तब और टूट गई जब सलामी बल्लेबाज फखर जमान 12वें ओवर में रन आउट हो गए। इस मैच में पाकिस्तान के सिर्फ तीन बल्लेबाज दोहरे अंक के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहे। फखर जमान पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, उन्होंने 34 गेंदों में 44 रन बनाए। उनके अलावा खुशदिल शाह ने 18 और अब्बास अफरीदी ने 22 रनों का योगदान दिया। बांग्लादेश की गेंदबाजी की बात करें तो वहां तस्कीन अहमद ने 3.3 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए।