बांग्लादेश की टीम इस समय जिम्बाब्वे के दौरे पर है और 3 मैचों की ODI सीरीज खेल रही है। ODI सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए सही साबित हुआ। बांग्लादेशी गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने गेंद से जमकर कहर बरपाया। उन्होंने अकेले ही जिम्बाब्वे के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाते हुए इतिहास रच दिया।
नाहिद राणा ने रचा इतिहास
दरअसल, बांग्लादेश की घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की टीम 50 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और महज 36.4 ओवर में 141 रनों पर ढेर हो गई। बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा ने 21 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही नाहिद 20 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए बांग्लादेश के लिए ODI क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए। इससे पहले बांग्लादेश की ओर से ODI में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड मशरफे मुर्तजा के नाम था। मुर्तजा ने साल 2006 में केन्या के खिलाफ 26 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे। इसके सात साल बाद रुबेल हुसैन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5.5 ओवर में 26 रन देकर 6 विकेट झटके, लेकिन मुर्तजा का कीर्तिमान 20 साल तक कायम रहा।
ODIs में बांग्लादेश के गेंदबाजों की बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस
- नाहिद राणा - 6/21 vs जिम्बाब्वे (2026)
- मशरफे मुर्तजा - 6/26 vs केन्या (2006)
- रुबेल हुसैन - 6/26 vs न्यूजीलैंड (2013)
- रिशद हुसैन - 6/35 vs वेस्टइंडीज (2025)
- मुस्तफिजुर रहमान - 6/43 vs भारत (2015)
- शोरफुल इस्लाम - 6/48 vs ऑस्ट्रेलिया (2026)
नाहिद राणा स्पेशल क्लब में हुए शामिल
नाहिद राणा अब जिम्बाब्वे के खिलाफ जिम्बाब्वे की सरजमीं पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले विदेशी तेज गेंदबाज बन गए हैं। राणा ने अपने 10 ओवर के कोटे में दो मेडन ओवर डाले और 21 रन देते हुए 6 विकेट चटकाए। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के फिडेल एडवर्ड्स के नाम था, जिन्होंने 2003 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 22 रन देकर 6 विकेट झटके थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI मैचों में राणा का 6 विकेट तीसरा सबसे बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस है। इस लिस्ट में पहले पायदान पर श्रीलंका के चमिंडा वास हैं, जिन्होंने 2001 में 19 रन देकर 8 विकेट लिए थे। साल 2025 में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा ने भी कोलंबो में जिम्बाब्वे के खिलाफ 19 रन देकर सात विकेट लिए थे।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने किया स्क्वॉड का ऐलान, रिचर्ड नगरवा को मिली कप्तानी
जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को हराकर रचा इतिहास, दर्ज की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत