भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच के दौरान साउथ अफ्रीकी टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल टीम के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर इस मुकाबले में गेंदबाजी करते हुए चोटिल हो गए। गेंदबाजी करने के दौरान उनके हैमस्ट्रिंग में इंजरी हुई, जिसके बाद वह मैदान छोड़कर बाहर चले गए। उसके बाद वह गेंदबाजी करने के लिए नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी में एडन मार्करम ने स्पेल पूरा किया।
बॉलिंग करने के दौरान चोटिल हुए नांद्रे बर्गर
यह घटना भारतीय पारी के 39वें ओवर के दौरान हुई। उस ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली ने गेंद को कवर की दिशा में खेलकर एक रन लिया। इसके बाद बर्गर अपने रन-अप पर लौटे, लेकिन रन-अप पर आते ही उनके चेहरे पर दर्द साफ झलकने लगा। इसके बाद वह लंगड़ाते हुए पिच पर चले आए और दाहिने घुटने को पकड़कर वहीं बैठ गए। इसके बाद साउथ अफ्रीका के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और जांच के बाद बर्गर को मैदान से बाहर ले जाया गया। वे अपना ओवर भी पूरा नहीं कर पाए और कप्तान टेम्बा बावुमा को एडन मार्करम से ओवर पूरा कराना पड़ा।
तीसरे वनडे से बाहर हो सकते हैं नांद्रे बर्गर
ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक बर्गर की जांच की गई और उन्हें अभी भी दाहिने हैमस्ट्रिंग में तकलीफ हो रही है। साउथ अफ्रीका की मेडिकल टीम उनके पर नजर रख रही है। उनकी चोट कितनी गंभीर है इसका पता अभी नहीं चल पाया है। लेकिन ऐसा हो सकता है कि वह तीसरे वनडे मैच से बाहर हो जाएं। बर्गर T20I टीम का हिस्सा नहीं थे, वहां एनरिक नॉर्खिया खेलते हुए दिखेंगे। ऐसे में जरूरत पड़ने पर तीसरे वनडे के लिए नॉर्खिया को टीम में शामिल किया जा सकता है। अफ्रीकी टीम इस दौरे पर कगिसो रबाडा के बिना खेल रही है।
विराट और ऋतुराज ने तीसरे वनडे में लगाया शतक
नांद्रे बर्गर ने इस मैच में 6.1 ओवर में 43 रन खर्च करते हुए यशस्वी जायसवाल का विकेट लिया। भारतीय बल्लेबाजों ने रायपुर वनडे में शानदार बल्लेबाजी की। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने 93 गेंदों पर शानदार 102 रन बनाए, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ ने 83 गेंदों में 105 रन की पारी खेली। कप्तान केएल राहुल ने 66 रन की नाबाद पारी खेली। साउथ अफ्रीका के लिए इस पारी में नांद्रे बर्गर के अलावा मार्को जेनसेन ने 2 विकेट और लुंगी एंगिडी को भी 1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें
T20 World Cup 2026 के लिए टीम इंडिया की जर्सी से उठा पर्दा, सामने आई पहली तस्वीर
विराट और ऋतुराज के बीच हुई ऐतिहासिक साझेदारी, तोड़ा तेंदुलकर और कार्तिक का 15 साल पुराना रिकॉर्ड