1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. NED vs PAK: नीदरलैंड से हारते-हारते बची पाकिस्तान की टीम, तीसरा वनडे 9 रन से जीत किया 3-0 से क्लीन स्वीप

NED vs PAK: नीदरलैंड से हारते-हारते बची पाकिस्तान की टीम, तीसरा वनडे 9 रन से जीत किया 3-0 से क्लीन स्वीप

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Aug 21, 2022 11:05 pm IST,  Updated : Aug 21, 2022 11:05 pm IST

NED vs PAK: पाकिस्तान ने यह लगातार दूसरी सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। साथ ही यह बाबर आजम की अगुआई वाली टीम की लगातार 8वीं वनडे जीत है।

NED vs PAK 3rd ODI- India TV Hindi
NED vs PAK 3rd ODI Image Source : TWITTER PCB

Highlights

  • पाकिस्तान ने तीसरा वनडे रोमांचक मोड़ पर 9 रनों से जीता
  • पाकिस्तान की टीम ने 3-0 से नीदरलैंड का किया क्लीन स्वीप
  • पाकिस्तान की लगातार 8वीं वनडे जीत, दूसरी सीरीज में किया क्लीन स्वीप

NED vs PAK: पाकिस्तान ने नीदरलैंड के दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज में मेजबान टीम का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। तीसरे मुकाबले में मेहमान पाकिस्तान की टीम हारते-हारते बाल-बाल बची। कप्तान बाबर आजम (91 रन) के अर्धशतक के बाद नसीम शाह (पांच विकेट) और मोहम्मद वसीम (चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से पाकिस्तान ने यह रोमांचक मुकाबला अपने नाम किया। रविवार को रोटरडम में खेले गए इस मुकाबले में मेहमान टीम ने नीदरलैंड को नौ रन से हराकर सीरीज का अंत किया।

जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी हारा नीदरलैंड

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 206 रन के स्कोर पर सिमट गई जिसमें कप्तान आजम की 125 गेंद में सात चौके और दो छक्के सहित 91 रनों की अर्धशतकीय पारी के अलावा फखर जमां ने 26 और मोहम्मद नवाज ने 27 रनों का योगदान दिया। फिर उसके गेंदबाजों ने नीदरलैंड को 49.2 ओवर में 197 रन पर समेटकर टीम को जीत दिलाई। पाकिस्तान के लिए नसीम शाह ने 33 रन देकर पांच और मोहम्मद वसीम ने 9.2 ओवर में 36 रन देकर चार विकेट झटके। 

नीदरलैंड के सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह (50 रन) और टॉम कूपर (62 रन) की अर्धशतकीय पारियां भी टीम को जीत तक नहीं ले जा सकीं। इससे पहले गेंदबाजी में मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था। बस डे लीडे ने 3 और विवियान किंगमा ने 2 विकेट अपने नाम किए थे। शारिज अहम, वान बीक और आर्यन दत्त को एक-एक सफलता मिली थी। लेकिन बल्लेबाज गेंदबाजों की मेहनत को सही मुकाम तक नहीं ले जा सके। जीत के बेहद करीब पहुंचने के बाद भी मेजबान टीम 9 रनों से यह मुकाबला हार गई।

NED vs PAK, 3rd ODI Highlights: रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड 9 रनों से हारा, पाकिस्तान ने 3-0 से जीती सीरीज

इस सीरीज की बात करें तो पाकिस्तान की टीम ने पहला मैच 16 रनों के करीबी अंतर से जीता था। फिर दूसरे मुकाबले में बाबर आजम की अगुआई वाली टीम ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज पर कब्जा किया। इसके बाद आज खेले गए तीसरे वनडे में पाकिस्तान ने रोमांचक मुकाबला आखिरी ओवर में 9 रनों से जीतकर सीरीज में 3-0 से नीरदलैंड का क्लीन स्वीप कर दिया। इस मैच में नसीम शाह को 5 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल