ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर है और पहला मैच हार चुकी है। अब टीम की निगाहें दूसरे ODI मुकाबले में वापसी पर टिकी हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया की T20I टीम में धमाकेदार खिलाड़ी की एंट्री हो गई है। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने निखिल चौधरी को बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज के लिए अपनी टीम में शामिल किया है।
दिल्ली में जन्में निखिल को मिली मौका
होबार्ट हरिकेन्स के ऑलराउंडर निखिल चौधरी अब 60 से ज्यादा सालों में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले भारत में जन्मे पहले मेन्स खिलाड़ी बन सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कई भारतीय मूल के खिलाड़ियों ने इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है, जिनमें गुरिंदर संधू और तनवीर संघा शामिल हैं, लेकिन 1960 के दशक के बाद से भारत में जन्मे किसी मेन्स खिलाड़ी ने नेशनल टीम के लिए नहीं खेला है। आखिरी बार साल लगभग 62 साल पहले ऐसा देखने को मिला था, जब गुजरात में जन्मे लेग-स्पिनर रेक्स सेलर्स ने 1964 के कलकत्ता टेस्ट में हिस्सा लिया था। पुणे में जन्मीं और ऑस्ट्रेलियाई माता-पिता द्वारा गोद ली गईं लिसा स्थालेकर 2000 के दशक में ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की स्टार खिलाड़ी रही थीं।
निखिल चौधरी फिलहाल बेल्जियम में EUT20 टूर्नामेंट में JB ब्रुजेस के लिए खेल रहे हैं और हाल ही में IPL में दिल्ली कैपिटल्स के साथ थे। ऑस्ट्रेलियाई टीम से बुलावा आने के बाद अब निखिल 12 जून को ढाका में व्हाइट-बॉल टीम से जुड़ेंगे। यह लेग-स्पिनिंग ऑलराउंडर मिडिल-ऑर्डर में जगह बनाने के लिए जोएल डेविस और एरन हार्डी जैसे खिलाड़ियों से मुकाबला करेंगे, जो सिर्फ T20I स्क्वाड में शामिल हैं।
मार्श की T20I सीरीज में वापसी की उम्मीद
बांग्लादेश दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी की समस्या से जूझ रही है। ट्रैविस हेड निजी वजहों से टीम के साथ नहीं हैं, जबकि कप्तान मिचेल मार्श ODI सीरीज से बाहर हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि टखने की चोट से उबरकर वे T20I टीम की कप्तानी कर सकेंगे।
निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं हैं, लेकिन वे वहां के स्थायी निवासी हैं और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के लिए ICC की योग्यता शर्तों को पूरा करते हैं। दिल्ली में जन्मे चौधरी ने पंजाब टीम के लिए हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ 14 लिमिटेड-ओवर मैच खेले और IPL टीम मुंबई इंडियंस के लिए ट्रायल भी दिया।
निखिल क्वींसलैंड में अपने एक अंकल से मिलने गए थे, तभी कोरोना महामारी के कारण ऑस्ट्रेलिया में फंस गए। इसके बाद उन्होंने अपने क्रिकेट के सपनों को आगे बढ़ाने का फैसला किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में कई तरह के काम किए और फिर नॉर्दर्न सबर्ब्स ग्रेड टीम के कोच और पूर्व इंटरनेशनल ऑलराउंडर जेम्स होप्स की सिफारिश पर हरिकेन्स टीम में जगह मिली। होबार्ट को BBL14 का खिताब जिताने में मदद करने के बाद पिछले समर में बल्ले से उनका प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। उन्होंने 30.70 की औसत और 153 के स्ट्राइक-रेट से 307 रन बनाए। अब निखिल इतिहास रचने से सिर्फ कुछ ही कदम दूर हैं।
यह भी पढ़ें:
ODI वर्ल्ड कप 2027 में दिखेंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा? आर अश्विन ने बताई पूरी सच्चाई
ऑस्ट्रेलियाई टीम के इंटरनेशनल शेड्यूल में बड़ा बदलाव, पहली बार फ्लडलाइट्स के नीचे खेला जाएगा मुकाबला