वनडे विश्व कप अगले साल यानी 2027 में खेला जाएगा। इसके लिए तैयारी जारी है। हालांकि अभी तक ना तो इसके शेड्यूल का ऐलान हुआ है और ना ही टीमें तय हैं, लेकिन कुछ टीमों की धुकधुकी जरूर बढ़ी हुई है। आपको पता ही होगा कि अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की 8 टीमें आईसीसी रैंकिंग से तय होंगी। इस बीच साउथ अफ्रीका ने कम से कम एक टीम को तो राहत दे ही दी है।
अगले साल के वनडे विश्व कप में 14 टीमें लेगी हिस्सा
अगले साल होने वाला वनडे विश्व कप तीन देशों की मेजबानी में खेला जाएगा। इसमें साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया शामिल हैं। खास बात ये है कि इस विश्व कप में कुल मिलाकर 14 टीमें खेलेंगी। इसमें आठ टीमें तो सीधे तौर पर आईसीसी वनडे रैंकिंग से चुनी जाएंगी। आईसीसी ने एक कटऑफ डेट तय की है, उस समय जो भी टीमें आईसीसी की वनडे रैंकिंग में टॉप 8 में होंगी, वो सीधे विश्व कप खेलने के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी। अब अच्छी बात क्या है, चलिए ये समझते हैं।
साउथ अफ्रीका की टीम आईसीसी रैंकिंग में नंबर पांच पर, यानी टॉप 9 में को मिलेगी एंट्री
आईसीसी की मौजूदा वनडे रैंकिंग की बात करें तो उसमें तीन मेजबान देशों में से एक साउथ अफ्रीका की टीम पांचवें नंबर पर है। साउथ अफ्रीका की टीम तो मेजबान होने के नाते पहले ही विश्व कप के लिए क्वलीफाई कर जाएगी। यानी आईसीसी रैंकिंग से टॉप 9 टीमें विश्व कप खेलते हुए नजर आएंगी। यानी जो टीम नौवें नंबर पर होगी, वो भी क्वलीफाई कर जाएगी।
बांग्लादेश की टीम आईसीसी रैंकिंग में नौवें और वेस्टइंडीज दसवें नंबर पर
इस वक्त की रैंकिंग पर नजर डालें तो बांग्लादेश की टीम नौवें और वेस्टइंडीज दसवें नंबर पर है। हालांकि अभी की रैंकिंग मायने नहीं रखती। अगले साल मार्च में जो टीमें टॉप 9 में होंगी, वो क्वालीफाई करेंगी। लेकिन अभी के हिसाब से बांग्लादेश के लिए अच्छी खबर है। इस बीच मार्च तक अगर वेस्टइंडीज की टीम दसवें से नौवें नंबर पर आ गई तो उसके लिए भी संभावना बनेगी। लेकिन अभी के हिसाब से ये तो तय लग रहा है कि वेस्टइंडीज और बांग्लादेश में एक टीम को डायरेक्ट एंट्री नहीं मिलेगी। हां, बाद में क्वालीफायर में उन्हें मौका जरूर मिलेगा, जहां से खेलकर और जीतकर वे विश्व कप में शामिल हो सकती हैं।
जिम्बाब्वे की टीम 11वें नंबर पर, लेकिन उसे मिली है डायरेक्ट एंट्री
अब जरा इस पर भी नजर डालिए कि बाकी दो मेजबान यानी जिम्बाब्वे और नामीबिया का आईसीसी रैंकिंग में क्या हाल है। आईसीसी की मौजूदा रैंकिंग में जिम्बाब्वे की टीम 11वें स्थान पर है, लेकिन टीम मेजबान होने के कारण विश्व कप के लिए डायरेक्ट एंट्री कर चुकी है। वहीं बात अगर नामीबिया की करें तो वो विश्व कप का मेजबान जरूर है, लेकिन उसकी विश्व कप के लिए सीधी एंट्री नहीं हुई है। इसके पीछे की वजह नामीबिया का आईसीसी का फुल मैंबर ना होना है। नामीबिया की टीम क्वालीफायर खेलेगी और उसके बाद अगर टीम जीती तो उसे विश्व कप खेलने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें
'रियान पराग को राजा की तरह ट्रीट किया जा रहा है'- RR के कप्तान बनाए जाने पर भड़के पूर्व भारतीय दिग्गज
साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, अनुष्का शर्मा को पहली बार मिली जगह