वनडे विश्व कप 2027 अब धीरे धीरे करीब आ रहा है, लेकिन इससे पहले नया विवाद खड़ा हो गया है। आईसीसी की ओर से हाल ही में इसका फॉर्मेट जारी किया है, जो कई टीमों को पसंद नहीं आ रहा है। इस फॉर्मेट को लेकर स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई है। खास बात ये है कि उनकी ओर से जो सवाल किए गए थे, उनका भी जवाब उन्हें अभी तक नहीं मिला है।
आईसीसी ने वनडे विश्व कप 2027 के फॉर्मेट में किया गया है बदलाव
आईसीसी की ओर से हाल ही में अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के फॉर्मेट का ऐलान किया गया था। इसमें काफी बदलाव हुआ है। अब इस आईसीसी टूर्नामेंट में 10 नहीं, बल्कि कुल मिलाकर 14 टीमें हिस्सा लेंगी। लेकिन दिक्कत ये है कि नए फॉर्मेट में छोटी टीमों को कई राउंड से गुजरना होगा, तब उन्हें विश्व कप के मैच खेलने का मौका मिलेगा। खास तौर पर एसोसिएट देशों के लिए तो मुश्किल और भी बढ़ चुकी है।
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की हो चुकी है आईसीसी के साथ मीटिंग
इस बीच क्रिकबज की रिपोर्ट से पता चला है कि स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स के अलावा कुछ और टीमों की ओर से इस बारे में आईसीसी से दो बार की बैठक हो चुकी है और उनकी ओर से नए बदलावों की जानकारी के साथ ही प्रक्रिया की स्पष्टता की मांग की गई है। बताया जाता है कि दो सप्ताह का समय गुजर जाने के बाद भी अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया है। इस पर दोनों बोर्ड ने इस निराशाजनक करार दिया है।
सुपर सीरीज से बाहर हो जाएंगी टीमें
अगर नए फॉर्मेट की बात की जाए तो 14 टीमों के फॉर्मेट से पहले सुपर सीरीज का आयोजन किया जाएगा। इसमें 12, 13 और 14वें नंबर की टीमें आपस में सुपर सीरीज के दौरान भिड़ेंगी। जो टीम पहले नंबर पर रहेगी, वो आगे जाएगी और बाकी दो टीमें बाहर हो जाएंगी। स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स का कहना है कि इससे एसोसिएट देशों के विश्व कप में आगे जाने के मौके कम हो जाते हैं।
विश्व कप 2027 के क्वालीफायर कहां होंगे, ये अभी साफ नहीं
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की टीमें विश्व कप 2027 के क्वालीफायर में पहुंच चुकी हैं, लेकिन क्वालीफायर मैच कहां होंगे, ये अभी तक साफ नहीं है, जबकि विश्व कप में करीब 18 महीने का ही वक्त रह गया है। दोनों बोर्ड का कहना है कि इतने कम समय पहले बीच में ही नियम में बदलाव सही नहीं है। इससे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें
हार्दिक पांड्या को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म, क्या मुंबई इंडियंस से चले जाएंगे
टीम इंडिया से बाहर चल रहे युजवेंद्र चहल का गदर, 15 विकेट लेकर मचाई सनसनी