1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ODI World Cup 2027: T20I में होगी टक्कर, लेकिन आंखों में वनडे विश्व कप में खेलने का सपना

ODI World Cup 2027: T20I में होगी टक्कर, लेकिन आंखों में वनडे विश्व कप में खेलने का सपना

 Published : Apr 15, 2026 11:43 am IST,  Updated : Apr 15, 2026 11:43 am IST

वनडे विश्व कप 2027 में खेलने पर सस्पेंस है, लेकिन इस बीच मेजबान देश ने एक दिवसीय मैचों की जगह टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का फैसला किया है। इसका पहला मुकाबला आज खेला जाएगा, लेकिन इस बीच भी नजर वनडे वर्ल्ड कप पर ही होगी।

ODI World Cup and namibia cricket team- India TV Hindi
वनडे विश्व कप और नामीबिया क्रिकेट टीम Image Source : AFP

वनडे विश्व कप 2027 अभी दूर है, लेकिन इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है। अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में कुल मिलाकर 14 टीमें खेलेंगी, जिनके नामों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। जहां एक ओर इसके लिए आईसीसी की वनडे रैंकिंग काफी अहम होगी, वहीं क्वालीफायर राउंड भी खेले जा रहे हैं, हालांकि वहां से अभी तक किसी का भी नाम फाइनल नहीं हुआ है। 

नामी​बिया के वनडे विश्व कप खेलने पर सस्पेंस

इस बीच तीन में से एक मेजबान देश यानी नामीबिया संकट में फंसा हुआ है। उसे अभी तक नहीं पता है कि जो वनडे विश्व कप उसके देश में होगा, उसमें उसकी टीम खेल भी पाएगी कि नहीं। इस बीच अब टी20 इंटरनेशनल मैचों के लिए मैदान में उतरने जा रही है, लेकिन उसकी नजर वहां भी आईसीसी के सबसे बड़े टूर्नामेंट पर ही होगी। 

ODI WC 2027 Host: साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की एंट्री, लेकिन नामीबिया क्यों है बाहर

अगले साल का वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। इसके​ लिए साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने तो अपनी जगह पक्की कर ली है, क्योंकि वे आईसीसी के फुल मैंबर हैं, लेकिन नामीबिया के साथ पेच फंसा है। नामीबिया चूंकि एसोसिएट मैंबर है, इसलिए से क्वालीफायर खेलकर आना होगा। 

ICC World Cup League 2 Points Table में नामीबिया नंबर 5 पर

इस वक्त आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के मैच खेले जा रहे हैं। इसमें नामीबिया की टीम भी हिस्सा ले रही है, लेकिन टीम इस वक्त अंक तालिका में पिछड़ रही है। यहां जहां एक ओर यूएसए, स्कॉटलैंड, ओमान और नीदरलैंड्स ने टॉप 4 में कब्जा जमा रखा है, वहीं नामीबिया की टीम छठे नंबर पर है। यहां से टीम का टॉप 4 में पहुंचना काफी मुश्किल है। प्वाइंट्स टेबल में नंबर चार पर नीदरलैंड्स है और उसके पास 28 अंक हैं। वहीं नामीबिया के पास 22 अंक हैं। अब नामीबिया के लिए नीदरलैंड्स को पछाड़कर नंबर चार पर पहुंचना मुश्किल काम है। 

क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 का अगला राउंड 25 अप्रैल से शुरू होगा

क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के अगले राउंड के मैच 25 अप्रैल से खेले जाएंगे। इसमें टीमें फिर से एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लग जाएंगी। इसके मैच नेपाल में होंगे, नामीबिया की टीम इसका हिस्सा नहीं है। ये वाला दौर 22 मई 2026 तक चलेगा। इसमें नेपाल के अलावा यूएसए, स्कॉटलैंड और ओमान के बीच मुकाबला होगा। यानी यहां से नामीबिया के अंक बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। 

NAM vs SCO T20I: नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच टी20 सीरीज का हो रहा है आगाज

इस बीच नामीबिया ने अलग राह पकड़ी है। नामीबिया और स्कॉटलैंड के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जानी है। इसका पहला मैच आज खेला जाएगा। सीरीज 18 अप्रैल तक चलेगी। नामीबिया की टीम अब भले ही टी20 मैच खेलने जा रही हो, लेकिन उसका फोकस तो वनडे विश्व कप ही रहेगा। नामीबिया जैसी टीमों के पास वनडे और टी20 के लिए अलग अलग खिलाड़ी नहीं होते। यानी दोनों फॉर्मेट में करीब करीब एक ही टीम खेलती है। अब नामीबिया की टीम चाहेगी कि स्कॉटलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीतकर नए जोश के साथ क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के लिए जाए। 

नामीबिया के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

नामीबिया को हाल ही में वनडे में स्कॉटलैंड से हार का सामना करना पड़ा है। अब टी20 सीरीज में स्कॉटलैंड को हराकर ना केवल टीम बदला लेना चाहेगी, बल्कि आने वाले मैचों के लिए नई एनर्जी भी इकट्ठा करने की कोशिश करेगी। देखना होगा कि टी20 इंटरनेशनल में जब नामीबिया की टीम उतरेगी तो कैसा प्रदर्शन करती है, साथ ही क्या टीम अपने ही घर में होने वाले वनडे विश्व कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर पाती है या फिर चूक जाती है। 

यह भी पढ़ें 

विराट कोहली आज खेलेंगे या रहेंगे बाहर! आरसीबी के पास टेबल टॉप करने का मौका

कंगाली में आटा गीला, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे को लगा एक और झटका, अब हुआ एक्शन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल