18 अगस्त, यह तारीख विराट कोहली और उनके फैंस कभी नहीं भूलेंगे। दरअसल आज ही के दिन 2008 में विराट कोहली ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था और वहीं से उनके किंग बनने के सफर की शुरुआत हुई थी। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में 18 नंबर की जर्सी पहनकर अपना पहला वनडे मैच खेला था। विराट कोहली टी-20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे एक ऐसा फॉर्मेट है जिसमें वह अभी भी खेल रहे हैं। यही एक ऐसा फॉर्मेट है जहां विराट कोहली ने अपने करियर में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
डेब्यू मैच में कैसा रहा था विराट का प्रदर्शन
अपने डेब्यू मैच विराट कोहली बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। कोहली ने उस मैच में गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग की थी। वहां उन्होंने 22 गेंदों पर एक चौके की मदद 12 रन बनाए थे। वहां कुलशेखरा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया था। भारतीय टीम उस मैच में 146 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में श्रीलंका ने इस टारगेट को 34.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।
वनडे फॉर्मेट में विराट कोहली का प्रदर्शन
वनडे फॉर्मेट में विराट कोहली के प्रदर्शन की बात करें तो वह अब तक इस फॉर्मेट में 302 मैच खेल चुके हैं। वहां उन्होंने 302 मैचों की 290 पारियों में 57.88 के औसत से 14181 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में विराट के नाम 74 अर्धशतक और 51 शतक दर्ज हैं। वनडे फॉर्मेट में उनका हाईएस्ट स्कोर 183 रन का है, यह पारी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2012 में खेली थी। इन आंकड़ों को देखकर ही विराट को वनडे में किंग कोहली का दर्जा मिला है।
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली की उपलब्धियां
विराट 2011 में वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। इसके बाद वह 2013 और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। 2023 वनडे वर्ल्ड कप में उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। उस वर्ल्ड कप में उन्होंने 765 रन बनाए थे। कोहली के नाम वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है। वह एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस प्रारूप में 51 शतक लगाए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा था। वहीं, वह वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। कोहली के नाम वनडे में सबसे तेज 8000, 9000, 10000, 11000, 12000, 13000 और 14000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
यह भी पढ़ें
एशिया कप से पहले इस खिलाड़ी की लग सकती है लॉटरी, एक साल बाद होगी टी20 टीम में वापसी