Asia Cup 2025: एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान अब करीब है। माना जा रहा है कि 19 अगस्त को सेलेक्शन कमेटी की बैठक होगी और इसके बाद टीम की घोषणा कर दी जाएगी। इस वक्त बहुत सारे नाम सामने आ रहे हैं, जो इस बार टीम इंडिया के लिए इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। इस बीच एक नया नाम भी प्रकाश में आया है, जिस खिलाड़ी की अचानक लॉटरी लगती हुई नजर आ रही है। हम बात कर रहे हैं यशस्वी जायसवाल की।
पहले गिल को टीम इंडिया के टी20 स्क्वाड में शामिल करने की चली थी बात
भारतीय टीम का ऐलान अब एशिया कप के लिए कुछ ही घंटे की दूरी पर है। मंगलवार को दोपहर बाद किसी भी वक्त टीम सामने आ सकती है। इस बीच अटकलें खूब लग रही हैं। पहले इस तरह की खबर सामने आई थी कि शुभमन गिल को भारतीय स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है। लेकिन यशस्वी जायसवाल को जगह नहीं मिलेगी। यहां तक कि गिल को तो टीम का नया उपकप्तान बनाए जाने की भी खबर थी, लेकिन अब चीजें बदली हुई नजर आ रही हैं।
यशस्वी जायसवाल एशिया कप में हो सकते हैं तीसरे ओपनर
एक खबर आ रही है कि शुभमन गिल शायद एशिया कप में टीम इंडिया के स्क्वाड का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी बरकरार रहेगी। ऐसे में तीसरे ओपनर के तौर पर यशस्वी जायसवाल का नाम सामने आ रहा है। जायसवाल मैच खेल पाएंगे कि नहीं, ये कहना तो अभी मुश्किल है, लेकिन वे स्क्वाड में जगह बनाते हुए जरूर नजर आ रहे हैं। जायसवाल की अगर वापसी होती है तो वे करीब एक साल बाद टी20 टीम में नजर आएंगे।
अब तक ऐसा रहा है यशस्वी का करियर
जायसवाल ने अब तक भारत के लिए 23 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 723 रन आए हैं। जायसवाल का औसत 36.15 का है और वे 164.31 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। जायसवाल के नाम टी20 इंटरनेशनल में एक शतक और 5 अर्धशतक भी दर्ज हैं। अब देखना यही होगा कि अगर जायसवाल की टीम में एंट्री होती है तो क्या वे प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा बन पाएंगे या फिर बाहर बैठे रहेंगे और दुबई घुमकर वापस आ जाएंगे।