1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑरेंज कैप के लिए रोचक हुआ घमासन, एक खिलाड़ी पहले ही रेस से बाहर

ऑरेंज कैप के लिए रोचक हुआ घमासन, एक खिलाड़ी पहले ही रेस से बाहर

 Published : May 21, 2025 04:49 pm IST,  Updated : May 21, 2025 04:49 pm IST

आईपीएल में इस साल केवल दो ही बल्लेबाज ऐसे हैं, जो अब तक 600 से ज्यादा रन बना पाए हैं। हालांकि ऑरेंज कैप की रेस में बाकी कई और भी खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : PTI

आईपीएल का ये सीजन अब समापन की ओर है, लेकिन इस बीच ऑरेंज कैप की रेस और भी ज्यादा दिलचस्प होती जा रही है। हालांकि आईपीएल में जो बीच में ब्रेक आया था, उससे टीमें काफी प्र​भावित हुई हैं, कई खिलाड़ी बाहर हो गए हैं, वहीं कुछ नए खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। लेकिन इसके बाद भी ऑरेंज की दौड़ काफी रोचक नजर आ रही है। इस बीच इतना जरूर हुआ है कि एक खिलाड़ी अभी से इस रेस से बाहर हो गया है, जो फिलहाल तीसरे नंबर पर है। 

इस वक्त साई सुदर्शन के सिर पर सजी हुई है ऑरेंज कैप

इस साल आईपीएल में अब तक ऑरेंज कैप पर गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन का कब्जा है। उन्होंने अब तक खेले गए 12 मैचों में 617 रन बना दिए हैं। उन्होंने इस दौरान एक शतक और पांच अर्धशतक जमाए हैं और अपनी टीम की जीत में वे काफी बड़ी भूमिका अदा कर रहे हैं। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल इस वक्त दूसरे नंबर पर हैं, लेकिन वे साई से ज्यादा पीछे नहीं हैं। शुभमन गिल ने भी 12 मैच खेलकर 601 रन बनाए हैं। उनके नाम अभी तक शतक तो नहीं है, लेकिन वे छह अर्धशतक जरूर लगाने में कामयाब रहे हैं। इन दोनों के अलावा किसी के भी 600 रन नहीं हैं। 

यशस्वी जायसवाल तीसरे नंबर पर, लेकिन अब रेस से हुए बाहर

यशस्वी जायसवाल फिलहाल तो इस लिस्ट में नंबर तीन पर हैं, लेकिन अब वे नीचे चले जाएंगे। जायसवाल ने अब तक 14 मैच खेलकर इस साल 559 रन बनाए हैं। उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स पहले ही बाहर हो चुकी हैं और टीम के मैच भी पूरे हो गए हैं, इसलिए अब जायसवाल के रनों में कोई भी इजाफा नहीं होगा। उनकी टीम राजस्थान का साल तो काफी खराब गया है, लेकिन जायसवाल ने एक बार फिर से काफी ज्यादा प्रभावित किया है। 

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली भी तगड़े दावेदार

मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव की बात की जाए तो वे इस लिस्ट में भी नंबर चार पर हैं। उन्होंने 12 मैच खेलकर 510 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं। उनके नाम तीन अर्धशतक हैं, लेकिन उन्होंने कई सारी छोटी छोटी पारियां खेली हैं, जिसकी बदौलत उनके 500 से ज्यादा रन हो गए हैं। विराट कोहली की बात की जाए तो वे नंबर 5 पर हैं। उन्होंने अब तक 11 मैच खेलकर 505 रन बनाए हैं। वे भी ऑरेंज कैप की रेस में हैं। आरसीबी ने पहले ही टॉप 4 में अपनी जगह पक्की कर ली है, यानी कोहली को कुछ और मैच भी खेलने का मौका मिलेगा। देखना होगा कि जब आईपीएल का ये सीजन खत्म होगा, तब कौन सा खिलाड़ी सबसे ज्यादा रन बनाने इस कैप को अपने नाम करने में कामयाब होता है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल