भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 एशिया कप 2025 में मुकाबला 21 सितंबर को खेला जाएगा। इस मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को अपनी टीम के प्रैक्टिस सेशन में जाकर खिलाड़ियों से बात की और भारत के खिलाफ एशिया कप सुपर-4 मुकाबले से पहले उनका हौसला बढ़ाया। पीसीबी ने खिलाड़ियों का तनाव कम करने के लिए मोटीवेशनल स्पीकर डॉक्टर राहील अहमद की भी सेवाएं ली।
सहयोगी स्टाफ के साथ काम कर रहे डॉक्टर राहील
ऐसी चर्चा है कि पाकिस्तान टीम में शामिल कई युवा सितारों से सजी भारतीय टीम के खिलाफ खेलने का मनोवैज्ञानिक दबाव नहीं झेल पा रहे हैं। डॉक्टर राहील अहमद ने हर खिलाड़ी से बात की ताकि पता चल सके कि दबाव के हालात में वे मानसिक तौर पर पिछड़ क्यो जाते हैं? टीम के एक सूत्र ने बताया कि ग्रुप लीग मैच होने के बाद डॉक्टर अहमद टीम से जुड़े और तब से सहयोगी स्टाफ के साथ काम कर रहे हैं। पाकिस्तान ने लगातार दूसरे मैच से पूर्व प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की।
पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मिली हार
ग्रुप स्टेज में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ 7 विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा था। उस मैच में पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। मैच के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के प्लेयर्स के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था। वहीं टॉस के समय भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विरोधी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था और ना ही बातचीत हुई थी। हार के बाद पाकिस्तानी टीम के ऊपर दबाव आ गया था।
टी20 एशिया कप 2025 के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड:
भारतीय टीम: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान टीम: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), खुशदिल शाह, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद, हुसैन तलत, फहीम अशरफ, हसन अली, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा, सुफियान मुकीम।