ICC ODI Rankings: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज खत्म हो गई है। सीरीज तो इन दो टीमों के बीच थी, लेकिन धुकी धुकी बढ़ी हुई थी पाकिस्तान की, क्योंकि उसे इससे काफी फर्क पड़ना था। अब जबकि सीरीज खत्म हो गई है तो पाकिस्तान ने राहत की सांस जरूर ली होगी, क्योंकि आखिरी मुकाबला आखिरकार ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम कर लिया।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में नीचे जाने से बच गई पाकिस्तान की टीम
दरअसल ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज के बाद आईसीसी की वनडे रैंकिंग बदलनी थी, जो बदल भी गई है। पाकिस्तान की टीम इस वक्त वनडे रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है। हालांकि उस पर खतरा मंडरा रहा था कि वो छठे नंबर पर भी खिसक सकता है। पाकिस्तान की रेटिंग अभी 100 की और छठे नंबर की टीम साउथ अफ्रीका की रेटिंग 98 की है। अगर ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका सीरीज का आखिरी मुकाबला भी साउथ अफ्रीका की टीम जीत जाती तो उसकी रेटिंग पाकिस्तान से ज्यादा हो जाती, यानी पाकिस्तानी टीम नंबर छह पर आ जाती और साउथ अफ्रीकी टीम नंबर पांच पर पहुंच जाती।
ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी मैच जीतकर सूपड़ा साफ होने से बचा लिया
हालांकि ऐसा नहीं हो पाया। भले ही ऑस्ट्रेलिया को पहले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उसने आखिरी मैच जीत लिया। सीरीज तो ऑस्ट्रेलिया के हाथ से चली गई, लेकिन कम से कम सूपड़ा साफ होने से बच गया। इससे इन दो टीमों पर तो बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा है, लेकिन पाकिस्तान की टीम जरूर ऑस्ट्रेलिया की जीत से काफी ज्यादा खुश होगी। हालांकि इस वक्त बहुत कम वनडे मुकाबले खेल जा रहे हैं, लेकिन जो भी हो रहे हैं, वो काफी रोचक हो रहे हैं। आने वाले वक्त में जब मुकाबले होंगे, तब इस बात पर नजर रखी जाएगी कि आईसीसी वनडे रैंकिंग में क्या असर पड़ता है।
आने वाले वक्त में एशिया कप पर होगी सभी की नजर
फिलहाल तो एशिया कप की टीमें ज्यादा से ज्यादा टी20 मुकाबले खेलते हुए दिखाई देंगी, क्योंकि एशिया कप का आगाज होना है। जो इस बार टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। उससे पहले भी भारत को छोड़कर बाकी कई सारी टीमें टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रही हैं, ताकि अपनी तैयारी को और भी पुख्ता किया जा सके। देखना होगा कि एशिया के सबसे बड़े क्रिकेट खिताब को इस बार कौन सी टीम जीतने में कामयाब होती है।