BCCI और बांग्लादेश के बीच विवाद अभी भी जारी है। इस बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले वीजा को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। दरअसल, पाकिस्तान मूल के अमेरिका (USA) के तेज गेंदबाज अली खान ने दावा किया है कि उन्हें भारत का वीजा नहीं मिल पाया है। खास बात यह है कि T20 वर्ल्ड कप के पहले ही दिन 7 फरवरी को अमेरिका की टीम को मुंबई में भारत के खिलाफ मुकाबला खेलना है, लेकिन उससे पहले ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। श्रीलंका के कोलंबो में चल रहे USA के ट्रेनिंग कैंप में मौजूद अली खान ने 13 जनवरी को इंस्टाग्राम स्टोरी में एक कैप्शन के जरिए कहा कि उन्हें भारत का वीजा नहीं मिल सका है। हालांकि उन्होंने इस पोस्ट में वीजा न मिलने के कारणों को लेकर कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की।
जल्द होगा स्क्वॉड का ऐलान
अमेरिकी टीम ने अब तक T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने अंतिम स्क्वॉड की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि 15 सदस्यीय टीम का चयन श्रीलंका कैंप में मौजूद 18 खिलाड़ियों में से किया जाएगा। टीम का चयन कोचिंग स्टाफ करेगा, जबकि प्रशासनिक और लॉजिस्टिक जिम्मेदारी ICC संभाल रही है। गौरतलब है कि पिछले साल USA क्रिकेट बोर्ड (USAC) के निलंबन के बाद ICC ने यह जिम्मेदारी अपने हाथ में ली थी। अली खान उन तीन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो पाकिस्तान मूल के होने के बावजूद USA टीम का हिस्सा हैं। कोलंबो कैंप में उनके अलावा एहसान आदिल और मोहम्मद मोहसिन भी मौजूद हैं। ICC ने इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि ICC इस समस्या को सुलझाने की कोशिश में जुटी हुई है और जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है।
ESPNcricinfo के मुताबिक, इस घटनाक्रम पर कई एसोसिएट टीमें भी करीबी नजर बनाए हुए हैं। ओमान, यूएई और इटली जैसी टीमों के स्क्वॉड में भी पाकिस्तान मूल या पाकिस्तानी नागरिकता वाले खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। वहीं, इंग्लैंड की टीम में भी पाकिस्तानी मूल के दो खिलाड़ी आदिल राशिद और रेहान अहमद मौजूद हैं।
ICC से मदद की आस
सितंबर 2025 में ICC ने सभी भाग लेने वाली टीमों को सूचित किया था कि भारत और श्रीलंका के लिए वीजा की जिम्मेदारी संबंधित क्रिकेट बोर्डों की होगी, हालांकि जरूरत पड़ने पर ICC दस्तावेजी प्रक्रिया में मदद करेगा। USA के मामले में, USAC के निलंबन के चलते यह जिम्मेदारी पूरी तरह ICC पर आ गई है। भारत और पाकिस्तान के बीच बिगड़ते राजनयिक रिश्तों के कारण हाल के सालों में वीजा एक जटिल मुद्दा बन गया है। इससे पहले इंग्लैंड के शोएब बशीर और साकिब महमूद, साथ ही ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा को भी भारत का वीजा मिलने में देरी का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान टीम को भी 2023 ODI वर्ल्ड कप से पहले भारत आने में वीजा संबंधी अड़चनें झेलनी पड़ी थीं।
भारत में USA को खेलने हैं 3 मैच
USA की टीम ने 2024 T20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 में जगह बनाकर 2026 संस्करण के लिए सीधा प्रवेश हासिल किया है। ग्रुप A में अमेरिका को चार में से तीन मैच भारत में खेलने हैं। टीम का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन भारत के खिलाफ 7 फरवरी को मुंबई में, दूसरा पाकिस्तान के खिलाफ 10 फरवरी को कोलंबो में और इसके बाद नीदरलैंड्स (13 फरवरी) व नामीबिया (15 फरवरी) के खिलाफ मुकाबले चेन्नई में खेले जाएंगे।
यह भी पढ़ें
IND vs NZ: कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे, नोट कीजिए टाइम और डेट