पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। खबर है कि सीनियर खिलाड़ियों बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी को वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली आगामी T20 सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। पाकिस्तानी चयन समिति जिसमें आकिब जावेद, अलीम डार, अजहर अली और असद शफीक शामिल हैं, अगले सप्ताह इन दोनों दौरों के लिए T20I टीम की घोषणा कर सकती है। ये सीरीज जुलाई और अगस्त में खेली जानी हैं।
T20I सीरीज में जरूरत नहीं
हेड कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं ने बाबर, रिजवान और शाहीन को पहले ही सूचित कर दिया है कि इस T20 सीरीज में उनकी जरूरत नहीं है। दरअसल, बोर्ड चाहता है कि ये खिलाड़ी अब ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे क्रिकेट पर ज्यादा फोकस करें।
पाकिस्तान को जुलाई के आखिर में वेस्टइंडीज के दौरे पर तीन T20 और तीन वनडे मैच खेलने हैं। इसके बाद टीम बांग्लादेश जाएगी, जहां पहले तीन मैच की T20 सीरीज थी, लेकिन अब इसे पांच मैच की करने का सुझाव दिया गया है। वहीं अगस्त के आखिर में पाकिस्तान अफगानिस्तान की T20 टीम की मेजबानी करेगा। इन सभी सीरीज को आगामी एशिया कप और 2026 में प्रस्तावित आईसीसी T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।
नए खिलाड़ियों को मौका देने पर जोर
टीम मैनेजमेंट का मानना है कि अब समय नए खिलाड़ियों को मौका देने का है। एक चयनकर्ता के करीबी सूत्र ने बताया कि फिलहाल युवाओं को मौका दिया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो भविष्य में बाबर, रिजवान और शाहीन को दोबारा टीम में शामिल किया जा सकता है। इस फैसले से साफ है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब नई रणनीति के साथ T20 टीम को बनाने की तैयारी में है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। अब देखना होगा कि आगामी T20I सीरीज में सिलेक्टर्स किन-किन खिलाड़ियों को मौका देते हैं।
इस बीच खबर ये भी है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एशिया कप के रद्द या स्थगित होने पर यूएई और अफगानिस्तान के साथ अगस्त में त्रिकोणीय सीरीज आयोजित करने के लिए बातचीत कर रहा है। एशिया कप को सितंबर में खेला जाना है और इसकी मेजबानी भारत के पास हैं। हालांकि, पाकिस्तान की टीम भारत का दौरा नहीं करेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि एशिया कप को लेकर दोनों देशों के बीच क्या सहमति बनती है।
(PTI Inputs)