Pakistan vs Ireland T20 World Cup Warm up: पाकिस्तान और आयरलैंड की टीम आज टी20 विश्व कप की तैयारी के लिए मैदान में होनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। पाकिस्तानी टीम एक दिन पहले ही श्रीलंका पहुंची है। टीम का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। इस बार के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम की कमान सलमान अली आगा संभाल रहे हैं। पाकिस्तानी टीम अपने सारे मैच श्रीलंका में ही खेलेगी। आज का पाकिस्तान का वार्मअप मैच बारिश के कारण रद कर दिया गया, इससे पाकिस्तान को झटका लगा है।
ऑस्ट्रेलिया खिलाफ सीरीज जीत चुकी है पाकिस्तानी टीम
पाकिस्तानी टीम हाल ही में अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलकर आ रही है। इसे पाकिस्तान ने 3-0 से अपने नाम किया था। वैसे तो ये जीत कही जाएगी, लेकिन ध्यान देने वाली बात ये है कि ऑस्ट्रेलिया ने अपने कई बड़े और ऐसे खिलाड़ी मैदान में नहीं उतारे थे, जो टी20 विश्व कप में खेलते हुए नजर आएंगे। इसलिए ये ऑस्ट्रेलिया की बी टीम कहा जा रहा था। वैसे तो आयरलैंड को कमजोर टीम माना जाता है, लेकिन पिछले दिनों टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों टीमों को इस मैच से अपनी तैयारियों का जायजा लेने का मौका मिलता, लेकिन बारिश ने ऐसा नहीं होने दिया।
बारिश के कारण नहीं हो पाया मैच
पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम को पांच बजे से शुरू होना था, लेकिन उस वक्त बारिश हो रही थी। हालांकि इंतजार किया गया, लेकिन जब लगा कि बारिश नहीं रुकेगी और अगर रुक भी गई तो मैदान मैच के लिए तैयार नहीं हो पाएगा तो मैच को रद कर दिया गया। इससे पाकिस्तान की तैयारियों को कहीं ना कहीं झटका लगा है। श्रीलंका में इस वक्त बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में कुछ और मैच बारिश की भेंट चढ़ जाएं तो कोई ताज्जुब की बात नहीं होनी चाहिए।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए आयरलैंड का स्क्वाड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, रॉस अडायर, बेन कैलिट्ज़, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लॉरकन टकर, बेन व्हाइट, क्रेग यंग