1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर भारत और NZ के खिलाफ सीरीज से बाहर

ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर भारत और NZ के खिलाफ सीरीज से बाहर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 02, 2025 11:10 am IST,  Updated : Sep 02, 2025 11:10 am IST

ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट टीम के लिए बुरी खबर आई है। धाकड़ ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज से बाहर हो गए हैं।

Pat cummins- India TV Hindi
पैट कमिंस Image Source : PTI

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम इस समय ब्रेक पर है। लगभग एक महीने तक ऑस्ट्रेलियन टीम कोई मैच नहीं खेलेगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम अब 1 अक्टूबर से एक्शन में नजर आएगी। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 3 मैचों की T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। इसके बाद टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का 19 अक्टूबर से आगाज होगा। इन दोनों सीरीज में भले ही अभी 1 महीने का वक्त बाकी हो, लेकिन ऑस्ट्रेलियन टीम को तगड़ा झटका लगा है। टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस चोटिल हो गए हैं और न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ सीरीज से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने यह जानकारी दी।

भारत अक्टूबर में करेगी AUS का दौरा

जानकारी के मुताबिक, पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली लिमिटेड-ओवर सीरीज से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज 1 अक्टूबर से खेली जाएगी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया भारत की मेजबानी करेगा, जहां 19 से 25 अक्टूबर के बीच तीन वनडे और 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पांच T20I मैच खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया का घरेलू एशेज अभियान 21 नवंबर से पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होगा।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान में कहा कि कमिंस को भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी लिमिटेड-ओवर सीरीज के लिए नहीं चुना जाएगा। वह अपने रिहैबिलिटेशन प्लान पर काम जारी रखेंगे और उनकी गेंदबाजी पर वापसी एशेज की तैयारियों के अनुसार तय की जाएगी।

कमिंस की चोट ठीक होने में लगेगा समय

32 साल के कमिंस ने इस साल यूके और कैरेबियाई दौरे पर चार टेस्ट मैचों में 95 से ज्यादा ओवर फेंके थे। इसके बाद उन्हें पीठ में तकलीफ महसूस हुई। स्कैन रिपोर्ट में पता चला कि उनकी कमर की हड्डियों पर दबाव (lumbar bone stress) है, जिसे ठीक होने में समय लगेगा। यह वही पुरानी पीठ की समस्या है जिसने उनके करियर की शुरुआत में भी उन्हें काफी परेशान किया था। ऐसे में यह चिंता बढ़ गई है कि क्या कमिंस सात हफ्तों में होने वाले पांच टेस्ट की कठिन एशेज सीरीज का पूरा दबाव झेल पाएंगे।

T20I सीरीज के लिए टीम का ऐलान

इस बीच ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। मिचेल मार्श को कप्तान नियुक्त किया गया है। मार्कस स्टोयनिस की टीम में वापसी हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया के न्यूजीलैंड दौरे का शेड्यूल

  • 1 अक्टूबर: पहला T20I, बे ओवल, माउंट माउंगानुई
  • 3 अक्टूबर: दूसरा T20I, बे ओवल, माउंट माउंगानुई
  • 4 अक्टूबर: तीसरा T20I, बे ओवल, माउंट माउंगानुई

न्यूजीलैंड दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियन टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, टिम डेविड, जेवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशुइस, जॉश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैथ्यू कुन्हेमन, ग्लेन मैक्सवेस, मिचेल ओवन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल