टी20 क्रिकेट के इस दौर में पूरी दुनिया में अलग-अलग टी20 लीग्स खेली जा रही हैं। इस समय इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट हो रहा है। जहां ओवल इनविंसिबल्स और मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें ओवल इनविंसिबल्स की टीम ने 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की। मैनचेस्टर की टीम को भले ही हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टीम के लिए फिल साल्ट ने अच्छी बल्लेबाजी की और उन्होंने 32 गेंदों में 41 रन बनाए, जिसमें एक चौका और तीन छक्के लगाए।
फिल साल्ट ने द हंड्रेड में पूरे कर लिए 1000 रन
फिल साल्ट ने मैच की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया और इसी के साथ उन्होंने द हंड्रेड में अपने 1000 रन पूरे कर लिए। वह पुरुष द हंड्रेड टूर्नामेंट में 1000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले कोई भी मेंस बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया है। अभी एक दिन पहले ही नेट सेवियर ब्रंट ने महिला द हंड्रेड टूर्नामेंट में 1000 रन पूरे किए थे। साल्ट ने मैच की सातवीं गेंद पर छक्का लगाया था, जो साकिब महमूद ने फेंकी थी। यह छक्का दूर जाकर गिरा और इसकी कुल लंबाई 103 मीटर की थी।
द हंड्रेड में फिल साल्ट लगा चुके 7 अर्धशतक
फिल साल्ट साल 2021 से ही द हंड्रेड टूर्नामेंट में खेल रहे हैं और उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट के 37 मुकाबलों में कुल 1036 रन बनाए हैं, जिसमें 7 अर्धशतक शामिल रहे हैं। दूसरे नंबर पर जेम्स विन्स हैं, जिन्होंने 986 रन बनाए हैं।
ओवल इनविंसिबल्स को मिली जीत
मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 100 गेंदों के बाद कुल 128 रन बनाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा 41 रन फिल साल्ट ने बनाए। मार्क चैपमैन ने 28 रनों का योगदान दिया। बाकी के खिलाड़ी अच्छा करने में बुरी तरह से विफल साबित हुए। इसके बाद ओवल इनविंसिबल्स की टीम के लिए तवांडा मुयेये (59 रन) और विल जैक्स (61 रन) ने दमदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाए।
यह भी पढ़ें:
भारत में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए इस टीम का बड़ा फैसला, पहली बार विदेश में किया ऐसा काम
अर्शदीप के पास T20I क्रिकेट में ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाने का मौका, ऐसा करने वाले बनेंगे पहले भारतीय