1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. प्रज्ञान ओझा का चीफ सिलेक्टर बनना लगभग तय, पार्थिव पटेल ने नहीं किया आवेदन

प्रज्ञान ओझा का चीफ सिलेक्टर बनना लगभग तय, पार्थिव पटेल ने नहीं किया आवेदन

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 14, 2026 07:46 pm IST,  Updated : Oct 14, 2026 07:46 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता का पद खाली होने के बाद बीसीसीआई ने इसके लिए आवेदन मंगाए थे, जिसमें पार्थिव पटेल को अगले चीफ सिलेक्टर के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन उन्होंने इस पद के लिए आवेदन नहीं किया है।

Pragyan Ojha- India TV Hindi
प्रज्ञान ओझा Image Source : PTI

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता का पद अजीत अगरकर का कार्यकाल पूरा होने के बाद से खाली है, जिसको भरने के लिए बीसीसीआई की तरफ से आवेदन भी मंगाए गए थे, जिसमें टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल के आवेदन करने की उम्मीद जताई गई थी। ऐसे में पार्थिव का सीनियर होने के नाते मुख्य चयनकर्ता भी बनना तय माना जा रहा था, लेकिन बीसीसीआई की तरफ से तय समयसीमा खत्म होने के बाद यह जानकारी सामने आई है कि पार्थिव पटेल ने चयन समिति का हिस्सा बनने के लिए आवेदन नहीं किया है और इस स्थिति में प्रज्ञान ओझा का मुख्य चयनकर्ता की कुर्सी पर काबिज होना लगभग तय माना जा रहा है, जो अगरकर के जाने के बाद इसे अंतरिम रूप से संभाल रहे हैं।

प्रज्ञान ओझा के लिए कार्यकाल के बचे समय तक अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ

अजीत अगरकर जो इससे पहले मुख्य चयनकर्ता का पद संभाल रहे थे, उनका कार्यकाल अक्टूबर महीने की शुरुआत में खत्म हो गया था, जिसके बाद बीसीसीआई ने चयन समिति में खाली हुए पश्चिम क्षेत्र के प्रतिनिधि पद के लिए आवेदन मंगाए थे। समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के अनुसार बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर दिए अपने बयान में कहा कि मुझे नहीं पता कि बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाएगा या नहीं, लेकिन 14 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक पार्थिव पटेल ने आवेदन नहीं किया था। अगर समयसीमा बढ़ाई जाती है या वह अपना फैसला बदलते हैं, तो स्थिति बदल सकती है। वहीं दक्षिण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रज्ञान ओझा अपने कार्यकाल के बचे समय तक अध्यक्ष बने रहने की संभावना है। मौजूदा चयनकर्ताओं में उनके नाम सबसे अधिक टेस्ट मैच होने से उनकी दावेदारी मजबूत हुई है।

रमेश पोवार को मिल सकती सीनियर चयन समिति में जगह

पार्थिव पटेल के आवेदन नहीं करने के बाद अब जूनियर पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष बनने के प्रबल दावेदार माने जा रहे रमेश पोवार की पश्चिम क्षेत्र के प्रतिनिधि के तौर पर सीनियर चयन समिति में एंट्री हो सकती है। भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर समीर दिघे का नाम भी चर्चा में है। चयनकर्ताओं के पदों के लिए पिछली बार आवेदन आमंत्रित किए जाने पर पोवार और दिघे दोनों ने आवेदन किया था। हालांकि पश्चिम क्षेत्र से इस पद के लिए योग्य और प्रमुख उम्मीदवारों की संख्या काफी सीमित दिखती है जिसमें यह स्थिति तभी बदल सकती है, जब बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाकर पार्थिव को आवेदन करने का मौका दे।

यह भी पढ़ें

आईपीएल 2027 से पहले मची खलबली, सनराइजर्स हैदराबाद ने किया बड़ा ट्रेड

जोश हेजलवुड ने गेंद से बरपाया कहर, ब्रेट ली को छोड़ दिया पीछे, अब निशाने पर मिचेल जॉनसन

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।