1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. CSK के 14.20 करोड़ के प्लेयर का गेंद से दिखा कमाल, लिस्ट-ए डेब्यू मुकाबले में हासिल किए तीन विकेट

CSK के 14.20 करोड़ के प्लेयर का गेंद से दिखा कमाल, लिस्ट-ए डेब्यू मुकाबले में हासिल किए तीन विकेट

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Dec 24, 2025 07:25 pm IST,  Updated : Dec 24, 2025 07:25 pm IST

आईपीएल 2026 के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2 अकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को लेने के लिए 14.20 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसमें एक नाम प्रशांत वीर का भी शामिल था। वहीं प्रशांत ने विजय हजारे ट्रॉफी के अपने डेब्यू मुकाबले में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है।

Prashant Veer- India TV Hindi
प्रशांत वीर Image Source : SCREENGRAB/X/BCCI DOMESTIC

इंडियन प्रीमियर लीग के साल 2026 में खेले जाने वाले 19वें सीजन को लेकर 16 दिसंबर को अबू धाबी में हुए ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी प्रशांत वीर को अपनी स्क्वाड का हिस्सा बनाने के लिए 14 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च कर दिए। जब सीएसके ने प्रशांत को लेकर इतनी मोटी रकम खर्च की तो उसके बाद उनको लेकर सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली थी। अब प्रशांत जिनको लिस्ट-ए क्रिकेट में 24 दिसंबर को अपना डेब्यू मुकाबला खेलने का मौका मिला उनका गेंदबाजी में कमाल देखने को मिला, जिसके दम पर उनकी टीम यूपी ने हैदराबाद के खिलाफ मैच में 84 रनों की शानदार जीत दर्ज की।

प्रशांत वीर ने तीन में से दो विकेट बोल्ड से किए हासिल

घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की टीम से खेलने वाले प्रशांत वीर की उम्र अभी सिर्फ 20 साल है और वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने के साथ निचलेक्रम में फिनिशर की भूमिका को भी निभाने के लिए बखूबी पहचाने जाते हैं। प्रशांत वीर का अभी करियर बहुत बड़ा नहीं है लेकिन यूपी टी20 लीग में उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से अपने प्रदर्शन के दम पर सुर्खियां बटोरी हैं। प्रशांत वीर ने 24 दिसंबर को जब हैदराबाद के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले में अपना लिस्ट-ए डेब्यू किया तो उन्हें बल्लेबाजी करने का अधिक मौका नहीं मिला जिसमें वह 4 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं गेंदबाजी में प्रशांत अपना कमाल दिखाने में पूरी तरह से कामयाब रहे जिसमें उन्होंने 10 ओवर्स में 47 रन देने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए। प्रशांत ने इसमें से हैदराबाद के 2 खिलाड़ियों को जहां बोल्ड किया तो वहीं एक प्लेयर का विकेट स्टंपिंग के जरिए हासिल किया।

रिंकू सिंह ने बल्लेबाजी में दिखाया फॉर्म

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित हुई भारतीय टीम की स्क्वाड में रिंकू सिंह को भी जगह मिली है, जिसमें उनके फॉर्म को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं, जिसमें हैदराबाद के खिलाफ मैच में उनके बल्ले से 48 गेंदों में शानदार 67 रनों की पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और दो छक्के भी लगाए। उत्तर प्रदेश की टीम अब अपना अगला मुकाबला ग्रुप-ए में चंडीगढ़ की टीम के खिलाफ 26 दिसंबर को राजकोट के स्टेडियम में खेलने उतरेगी।

ये भी पढ़ें

बिहार के कप्तान ने ता​बड़तोड़ रन बनाकर रचा नया इतिहास, वैभव सूर्यवंशी भी ताकते रह गए

विराट कोहली ने VHT में उतरते ही रचा कीर्तिमान, सचिन तेंदुलकर के स्पेशल क्लब में मारी धमाकेदार एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल