Highlights
- इंडिया ए ने न्यूजीलैंड ए को आखिरी वन डे में 106 रन से दी मात
- राज बावा ने गेंद से किया शानदार प्रदर्शन, 11 रन देकर चार विकेट
- आईपीएल 2022 में भी पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं दो मैच
Raj Bawa : भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन वन डे मैचों की सीरीज खत्म हो गई है, टीम इंडिया ने तीनों मैच जीतकर न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ कर दिया है। सीरीज के आखिरी मैच में भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी राजअंगद बावा ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने न केवल इसी मैच में बल्कि पूरी सीरीज में अच्छा खेल दिखाया। जब टीम इंडिया में खेल चुके और इस वक्त भी खेल रहे खिलाड़ी खेल रहे हों, तब युवा राज बावा ने सभी को प्रभावित किया है। खास बात ये है कि वे अभी केवल 19 साल के हैं और अगर इसी तरह से लगातार प्रदर्शन करते रहे तो वे जल्द ही टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल मैच भी खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन
राज बावा ने सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में 5.3 ओवर की गेंदबाजी की और केवल 11 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। इससे पहले भी उन्होंने 14 रन देकर एक विकेट लिया था। हालांकि इस मैच में वे बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके और 11 गेद पर चार ही रन बनाने में कामयाब हुए। लेकिन बल्लेबाजी की कसर उन्होंने गेंदबाजी में पूरी कर दी है। इससे पहले साल 2022 में ही जब अंडर 19 विश्व कप चल रहा था, तब भी उन्होंने कमाल किया था। उन्होंने उस दौरान पूरी सीरीज में 252 रन बनाए थे और नौ विकेट भी झटके थे। इससे साफ है कि वे शानदार ऑलराउंडर बनने की ओर बढ़ रहे हैं।
आईपीएल में पंजाब किंग्स ने राज बावा को खरीदा था
इससे पहले राज बावा को आईपीएल 2022 में भी खेलने का मौका मिला था। उन्हें पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में खासी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि वे अपनी टीम से केवल दो ही मैच खेल पाए। पहला मैच उन्होंने आरसीबी के खिलाफ खेला और दूसरा मैच केकेआर के खिलाफ था। इन दो मैचों में 11 रन उन्होंने बनाए थे, लेकिन कोई विकेट उनके नाम नहीं था। भारतीय सेलेक्टर्स की नजर भी उन पर जरूर होगी। जब उन्हें भारत की ए टीम से खेलने का मौका मिला, इसका मतलब है कि सेलेक्टर्स उनके खेल को देख रहे हैं। जल्द ही वे बतौर ऑलराउंडर भारतीय टीम के लिए खेलते हुए दिखें को अचरज मत कीजिएगा।