रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सीजन का आगाज 15 अक्टूबर से हो गया है, जिसमें इस बार कई प्लेयर्स के प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की नजरें रहने वाली हैं, जिसमें रुतुराज गायकवाड और देवदत्त पडिक्कल का नाम भी शामिल है। गायकवाड जो पिछले काफी समय से टीम इंडिया में अपनी वापसी का इंतजार कर रहे हैं तो वहीं पडिक्कल अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ खत्म हुई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वाड का हिस्सा तो थे लेकिन उन्हें प्लेइंग 11 में खेलने का मौका नहीं मिला। दोनों प्लेयर्स ने रणजी ट्रॉफी के नए सीजन का आगाज तो काफी शानदार तरीके से किया लेकिन वह शतकीय पारी खेलने से जरूर चूक गए।
गायकवाड 91 तो पडिक्कल 96 रन बनाकर हुए आउट
रुतुराज गायकवाड के लिए रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सीजन काफी अहम है क्योंकि यहां से उनके लिए यहीं से टीम इंडिया में वापसी का रास्ता खुलेगा। महाराष्ट्र की टीम से खेल रहे रुतुराज गायकवाड ने केरल के खिलाफ सीजन के पहले मैच में 151 गेंदों का सामना करते हुए 91 रनों की पारी खेली, जिसमें वह शतक पूरा करने से सिर्फ 9 रनों से चूक गए। गायकवाड ने अपनी पारी के दौरान 11 चौके लगाए। वहीं महाराष्ट्र की टीम ने केरल के खिलाफ मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म होने पर अपनी पहली पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए थे।
देवदत्त पडिक्कल को लेकर बात की जाए तो कर्नाटक टीम की तरफ से खेल रहे हैं, जिसमें सौराष्ट्र के खिलाफ राजकोट के मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में उन्होंने 141 गेंदों का सामना किया और 96 रनों की पारी खेली। पडिक्कल इस मैच में धर्मेंद्रसिंह जडेजा का शिकार बने जिसमें वह बोल्ड हो गए।
करुण नायर के बल्ले से देखने को मिली 73 रनों की पारी
टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे पर लंबे समय के बाद स्क्वाड में करुण नायर की वापसी तो देखने को मिली थी, लेकिन वह इस टेस्ट सीरीज में बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए थे, जिसके चलते वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्हें जगह नहीं मिली। अब नायर के पास फिर से घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी वापसी का रास्ता हासिल करने का मौका है। कर्नाटक की तरफ से खेल रहे नायर ने सौराष्ट्र के खिलाफ मैच के पहले दिन के खेल में 73 रनों की पारी खेली। वहीं दिन का खेल खत्म होने पर उनकी टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 295 रनों का स्कोर बना लिया था।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान बनने के बाद हुए फ्लॉप, 5 गेंद में ही खत्म हो गई पारी
Ranji Trophy 2025-26: 32 साल के प्लेयर ने जड़ दिया धमाकेदार शतक, भारत के लिए खेल पाया सिर्फ इतने मैच