Ravindra Jadeja: IPL 2026 का रोमांच अपने शुरुआती दौर में ही चरम पर है और अब तीसरे मुकाबले में एक ऐसा पल आने वाला है, जिसका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। जैसे ही रवींद्र जडेजा मैदान पर उतरेंगे, उनकी नजर सिर्फ जीत पर ही नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक कारनामे पर भी होगी।
हार्दिक पांड्या के क्लब में होगी एंट्री
30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जडेजा के पास T20 क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने का सुनहरा मौका होगा। वह जैसे ही 15 रन बनाएंगे, T20 में 4 हजार रन पूरे कर लेंगे। इस तरह वह T20 क्रिकेट में 4000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बन जाएंगे। अब तक सिर्फ हार्दिक पांड्या ही ऐसा करने में सफल रहे हैं। लेकिन अगर जडेजा आज 15 रन बना लेते हैं, तो वह ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। जडेजा ने अब तक 346 T20 मैचों में 3985 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 130 का रहा है। इसके अलावा उन्होंने T20 फॉर्मेट में 235 विकेट भी झटके हैं।
IPL के लिए तैयार जडेजा
IPL 2026 में जडेजा इस बार राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। उन्हें ट्रेड के जरिए चेन्नई सुपर किंग्स से राजस्थान ने अपने साथ जोड़ा है। IPL में उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। IPL के 254 मैचों में 3260 रन और 170 विकेट उनके नाम हैं, साथ ही उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। गेंदबाजी में भी जडेजा एक और उपलब्धि के करीब हैं। वह फिलहाल IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में 10वें स्थान पर हैं। अगर वह इस मैच में एक विकेट हासिल कर लेते हैं, तो लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ सकते हैं। मलिंगा के नाम IPL में 170 विकेट दर्ज हैं। पिछले सीजन यानी IPL 2025 में जडेजा का प्रदर्शन संतुलित रहा था। उन्होंने 14 मैचों में 301 रन बनाए और 10 विकेट लिए, जबकि उनकी इकॉनमी 8.56 रही।
गौरतलब है कि IPL 2026 में अब तक 2 मुकाबले खेले जा चुके हैं। पहले मैच में RCB ने SRH को 6 विकेट से मात दी थी। वहीं, दूसरे मैच में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने कोलकाता को 6 विकेट से हराया। अब तीसरे मैच में राजस्थान और चेन्नई के बीच जबरदस्त टक्कर होने जा रही है।