आरसीबी की टीम जिस खिताब के लिए पूरे 17 साल तरसती रही, अब वही ट्रॉफी उसने बैक टू बैक दो बार जीतकर नया इतिहास रच दिया है। विराट कोहली लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे। बीच में फॉफ डुप्लेसी को भी कप्तान बनाय गया, लेकिन खिताब का सूखा खत्म नहीं हुआ। आखिरकार उस खिलाड़ी ने टीम की सालों पुरानी तमन्ना पूरी की, जिसे आरसीबी ने एक वक्त अपनी टीम से निकाल दिया था और रिटेन तक नहीं किया था। आप समझ ही गए होंगे, हम बात कर रहे हैं रजत पाटीदार की, जिन्होंने हिस्ट्री बना दी है।
साल 2021 में किया था रजत पाटीदार ने आईपीएल डेब्यू
रजत पाटीदार का आईपीएल डेब्यू साल 2021 में हुआ था। तब आरसीबी ने उन्हें केवल 20 लाख रुपये में अपने पाले में किया था। उन्हें 4 ही मैच खेलने का मौका मिला और उन्होंने कुल 71 रन बनाए। शतक की बात तो दूर है वे अर्धशतक तक नहीं लगा पाए। इसके बाद साल 2022 का आईपीएल शुरू होने से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया यानी रिटेन नहीं किया। साल 2022 के आईपीएल का आगाज हुआ, इसी बीच रजत पाटीदार की टीम में वापसी होती है और वे रिप्लेसमेंट के तौर पर आते हैं। इस बार उन्होंने आठ मैच खेलकर 333 रन बना दिए। उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक आए।
एलिमिनेटर में एलएसजी के खिलाफ सेंचुरी ठोककर छा गए रजत
खास बात ये रही कि उन्होंने एलिमिनेटर में एलएसजी के खिलाफ शतक लगाया और अपनी टीम को आगे ले जाने में मदद की। हालांकि टीम खिताब नहीं जीत पाई। इसके बाद साल 2023 के आईपीएल में रजत पाटीदार खेलते, लेकिन चोटिल होने के कारण वे बाहर हो गए। साल 2024 में फिर से आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलते हुए नजर आए। इस साल उन्होंने 15 मैच खेलकर 395 रन बनाए। इसमें पांच अर्धशतक शामिल रहे। उन्हें साल भी 20 लाख रुपये ही दिए गए।
रजत पाटीदार पर आरसीबी ने खर्च कर दिए 11 करोड़ रुपये
बड़ा बदलाव होता है साल 2025 में। इस बार आरसीबी ने उन्हें 11 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर अपने पाले में लाती है। साथ ही सभी लोग उस वक्त चौंक जाते हैं, जब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी दी जाती है। उनकी आईपीएल सैलरी में अचानक से 54000 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती है। रजत पाटीदार 15 मैच खेलकर 312 रन बनाते हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्ला तो कुछ खास नहीं चला, लेकिन इतना जरूर हुआ कि पहली बार रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी की टीम खिताब जीतने में कामयाब होती है। रजत ने टीम का 17 साल का सूखा समाप्त कर दिया।
नई हिस्ट्री बनाने में कामयाब रहे रजत
इसके बाद उसी 11 करोड़ रुपये की रकम में रजत को रिटेन किया जाता है और इस बार वे 15 मैच खेलकर 501 रन बनाते हैं और इस बार फिर से वे अपनी टीम को चैंपियन बनाते हैं। खास बात ये है कि अब तक आईपीएल के इतिहास में रोहित शर्मा और एमएस धोनी ही ऐसे कप्तान हैं, जो खिताब डिफेंड करने में सफल रहे, अब उसमें रजत पाटीदार का भी नाम शामिल हो जाता है। लेकिन उससे भी बड़ी बात ये है कि रजत पाटीदार से पहले कोई कप्तान ऐसा नहीं था, जिसने कप्तानी करते हुए अपने पहले दो सीजन में दो खिताब जीत लिए हों, ये अपने आप में हिस्ट्री है।
यह भी पढ़ें
भारतीय खिलाड़ी ने जीत लिए 5 आईपीएल फाइनल, टीम इंडिया के लिए खेला केवल 19 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले
IPL 2026 Awards List: वैभव का जलवा, मनीष पांडे, साई सुदर्शन और मोहम्मद सिराज को भी मिला अवार्ड