1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. RCB vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की 6 विकेट से जीत, लगातार दो हार के सिलसिले को तोड़ा

RCB vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की 6 विकेट से जीत, लगातार दो हार के सिलसिले को तोड़ा

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 18, 2026 02:30 pm IST,  Updated : Apr 18, 2026 08:32 pm IST

RCB vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 176 रनों के टारगेट का पीछा 19.5 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर हासिल करते हुए इस सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज कर ली है।

RCB vs DC- India TV Hindi
RCB vs DC Image Source : AFP

RCB vs DC: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 26वां लीग मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया, जिसे दिल्ली कैपिटल्स की टीम 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जिसमें उन्हें 176 रनों का टारगेट मिला था और इसे उन्होंने 19.5 ओवर्स में हासिल कर लिया। आरसीबी की तरफ से इस मैच में बल्लेबाजी में फिल साल्ट ने 63 रनों की अहम पारी खेलने के साथ अपनी टीम को 20 ओवर्स में 175 रनों के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की थी। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट हासिल किया तो वहीं इसके अलावा मुकेश कुमार एक विकेट लेने में कामयाब रहे।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम जब इस मुकाबले में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही और उन्होंने 18 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी करने के साथ टीम को जीत की पटरी पर वापस लाने की कोशिश की। हालांकि राहुल 57 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्टब्स ने एक छोर से पारी को संभाला और रन बनाने की गति को तेज रखा, जिसमें उन्हें कप्तान अक्षर पटेल और फिर डेविड मिलर का साथ मिला। स्टब्स के बल्ले से इस मैच में 47 गेंदों में 60 रनों की पारी देखने को मिली, जबकि मिलर ने 10 गेंदों में नाबाद 22 रनों की पारी खेली। आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने तीन जबकि क्रुणाल पांड्या ने एक विकेट हासिल किया।

दोनों टीमों की इस मुकाबले के लिए प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स - पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, औकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड।

यहां पर देखिए दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट

दिल्ली कैपिटल्स - विपराज निगम, आशुतोष शर्मा, करुण नायर, दुष्मंथा चमीरा, नितीश राणा।

आरसीबी - रसिख सलाम डार, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, विक्की ओस्तवाल।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल