1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: रिकी पोटिंग ने कप्तान को दिया ज्ञान, शुभमन गिल का नंबर भी बताया

IND vs ENG: रिकी पोटिंग ने कप्तान को दिया ज्ञान, शुभमन गिल का नंबर भी बताया

 Published : Jun 05, 2025 04:05 pm IST,  Updated : Jun 05, 2025 04:05 pm IST

IND vs ENG: भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसकी कप्तानी शुभमन गिल के पास है। इस बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने शुभमन गिल को लेकर अहम बात कही है।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : GETTY

India vs England Test Series: आने वाले वक्त में सभी की नजरें भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज पर रहने वाली है। सीरीज का आगाज 20 जून से होगा, जो अगस्त तक चलेगी। इस दौरान पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे और ये विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा हैं। भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई है, जो पहली बार टेस्ट में कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल को ज्ञान दिया है। उन्होंने ये भी बताया कि शुभमन गिल को कप्तान के तौर पर किस नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए। 

इंग्लैंड में होगी शुभमन गिल की परीक्षा

शुभमन गिल हाल ही में गुजरात टाइटंस की कप्तानी कर रहे थे। टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते टॉप 4 में अपनी जगह भी पक्की की थी, लेकिन वे फाइनल तक नहीं पहुंच पाए। लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में अब शुभमन गिल की असली परीक्षा होगी। वे इंग्लैंड में भारतीय टीम कप्तानी करेंगे। इस बीच रिकी पोंटिंग ने शुभमन गिल को लेकर कहा कि वाइड बॉल क्रिकेट में तो गिल का फॉर्म जबर्दस्त है, लेकिन बात अगर टेस्ट की करें तो वहां पर उन्हें कुछ काम करना होगा। 

पोंटिंग बोले, शुभमन ​को कप्तान बनाना सही फैसला

रिकी पोंटिंग ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि भारत ने गिल को कप्तान बनाकर सही फैसला लिया है। वे लंबे समय तक कप्तानी करेंगे। उन्होंने कहा कि जब ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान रोहित ने सिडनी टेस्ट नहीं खेलने का फैसला किया तो गिल कप्तान हो सकते थे। उस मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह को दी गई और उस मैच के दौरान ही वह चोटिल हो गए। पोंटिंग ने कहा कि गिल को टेस्ट मैच बल्लेबाजी के मानसिक पहलू पर काम करना होगा। 

रोहित शर्मा और विराट कोहली के बगैर उतरेगी टीम इंडिया

पहली बात तो यही है कि ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है और इसमें विराट कोहली के साथ ही रोहित शर्मा भी नहीं हैं। सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया जाना था, उससे पहले ही दोनों ने एक एक कर टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। अब एक सवाल ये भी उठना शुरू हो गया है कि विराट कोहली की जगह यानी नंबर चार पर कौन बल्लेबाजी करेगा। इसको लेकर रिकी पोंटिंग ने कहा है कि शुभमन गिल को नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। 

खुद गिल को तय करना है अपनी बल्लेबाजी का नंबर

ये बात भी गौर करने वाली है कि शुभमन गिल ने टेस्ट में नंबर चार पर ज्यादा बल्लेबाजी नहीं की है। टेस्ट में ये एक अहम नंबर होता है, जहां ये मैच की दशा और दिशा तय होती है। ये जिम्मेदारी पिछले कई साल से विराट कोहली संभाल रहे थे। शुभमन गिल पहले ओपनर थे, लेकिन बाद में उन्होंने खुद ही नंबर तीन मांगा और वो उन्हें मिल भी गया। हालांकि तीसरे नंबर पर गिल का बल्ला उस तरह से नहीं चल रहा है, जैसी डिमांड है। अब देखना होगा कि कप्तान बनने के बाद शुभमन गिल खुद के लिए कौन सा नंबर तय करते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल