1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ की टीम बनी चैंपियन, फाइनल में लखनऊ को 94 रनों से रौंदा

रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ की टीम बनी चैंपियन, फाइनल में लखनऊ को 94 रनों से रौंदा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 07, 2026 07:50 am IST,  Updated : Sep 07, 2026 07:51 am IST

UP T20 लीग 2026 के फाइनल मैच में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स ने भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स को 94 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मेरठ की टीम दूसरी बार चैंपियन बनने में कामयाब रही।

Rinku Singh- India TV Hindi
रिंकू सिंह Image Source : PTI

UP T20 लीग 2026 के फाइनल में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स ने एकतरफा मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स को 94 रनों से हरा दिया। लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेरठ की टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और पहली बार फाइनल खेल रही लखनऊ की टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। बता दें कि मेरठ की टीम लगातार चौथी बार इस लीग के फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही। रिंकू सिंह ने इससे पहले दलीप ट्रॉफी में उपकप्तानी में की थी

दिव्यांश जोशी ने मेरठ के लिए लगाया शानदार शतक

मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। ओपनर स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने मिलकर तेजी से 53 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। इसके बाद सलामी बल्लेबाज दिव्यांश जोशी ने तूफानी खेल दिखाते हुए लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार समेत पूरी टीम पर धावा बोला और महज 40 गेंदों में 12 चौकों व 7 छक्कों की मदद से 105 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली। जोशी की शानदार सेंचुरी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने अपने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 203 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

लखनऊ के बल्लेबाज रहे फ्लॉप

204 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की टीम दबाव में बिखर गई। मेरठ की कसी हुई गेंदबाजी के आगे लखनऊ का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका और टीम के विकेट लगातार गिरते रहे। अजीत वर्मा ने जरूर 24 गेंदों में 39 रन बनाकर थोड़ा संघर्ष दिखाया, लेकिन उनके रन-आउट होते ही लखनऊ की बची हुई उम्मीदें भी खत्म हो गईं। मेरठ के गेंदबाज विशाल चौधरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए और लखनऊ के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। लखनऊ फाल्कन्स की टीम आखिरकार सिर्फ 16 ओवर में 109 रन पर ऑल-आउट हो गई, जिससे मेरठ मावेरिक्स ने 94 रनों से बड़ी जीत हासिल की।

दिव्यांग जोशी को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड

मेरठ के मुख्य स्पिनर जीशान अंसारी ने दो अहम विकेट लेकर अपने शानदार सीजन का अंत किया। वह इस सीजन 25 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। सबसे ज्यादा विकेट लेने के लिए उन्हें पर्पल कैप मिला। फाइनल में विशाल चौधरी मेरठ के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 24 रन खर्च करते हुए हुए 4 विकेट अपने नाम किए। दिव्यांग जोशी को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

यह भी पढ़ें

शुभमन गिल ने 190 की स्ट्राइक रेट से बनाए रन, अर्शदीप सिंह की टीम को 1 रन से हराया

ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, लाबुशेन को नहीं किया गया ड्रॉप

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल