आईपीएल 2026 सीजन में 19 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए केकेआर और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले का अंत काफी रोमांचक देखने मिला जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 156 रनों के टारगेट का पीछा 6 विकेट के नुकसान पर 19.4 ओवर्स में किया। एक समय राजस्थान रॉयल्स टीम के हाथ में ये मुकाबला दिख रहा था, जब उन्होंने 85 के स्कोर तक केकेआर के 6 विकेट गिरा दिए थे। यहां से रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने 7वें विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी करने के साथ इस मैच को राजस्थान रॉयल्स के हाथों से छीन लिया। इस मैच में हार के बाद राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग का बड़ा बयान सामने आया जिसमें उन्होंने इस बात को कबूल किया कि ये मैच हमारा था जिसमें कुछ गलतियों की वजह से हमें हार का सामना करना पड़ा।
हम ऐसे अहम मौके पर कैच नहीं छोड़ सकते हैं
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में 4 विकेट से हार के बाद राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने कहा कि मुझे लगता है कि चार या पांच ओवर्स के बाद इस पिच को लेकर सही अंदाजा लगा पाए जिसमें हमें लगा कि इसमें 170 का स्कोर ठीक रहता और उस समय तक हम 10 रन पीछे चल रहे थे। हालांकि इसके बावजूद जिस तरह से हमने इस मुकाबले में वापसी की और उसके बाद हमारे गेंदबाजों ने जैसा प्रदर्शन किया ये मैच हमारा था और मैं हार को लेकर किसी तरह का कोई बहाना नहीं बनाना चाहता क्योंकि हम अहम मौके पर इतना आसान कैच नहीं छोड़ सकते हैं। हमने इस मैच में कुछ गलतियां की जिसका खामियाजा हमें भुगतना पड़ा।
मैं और हेटमायर गलत समय पर हुए आउट
रियान पराग ने अपने बयान में आगे कहा कि जब मैं और शिमरन हेटमायर बल्लेबाजी कर रहे थे तो हम दोनों ने 10-15 गेंदें खेल ली थी और उसके बाद आक्रामक खेलने का समय आ गया था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। हम दोनों ही काफी गलत समय पर अपन विकेट गंवा बैठे। बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के इस सीजन की शुरुआत काफी शानदार तरीके से की थी, जिसमें उन्होंने शुरुआती चार मैचों में लगातार जीत हासिल की थी, लेकिन पिछले दो मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब उन्हें इस सीजन में अपना अगला मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के खिलाफ 22 अप्रैल को खेलना है।
ये भी पढ़ें
पंजाब किंग्स का धमाका, प्रियांश-कोनॉली की तूफानी पारियों से LSG के खिलाफ रचा इतिहास