इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 28वां लीग मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला गया। इस मैच में केकेआर की टीम को इस मैच में 156 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा उन्होंने 19.4 ओवर्स में छह विकेट के नुकसान पर करते हुए इस सीजन अपनी पहली जीत हासिल की। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स टीम के विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने कैमरून ग्रीन को पवेलियन भेजने के लिए जिस तरह से स्टंपिंग की उसकी चर्चा हर तरफ देखने को मिल रही है, जिसमें सभी को एमएस धोनी की याद भी आ गई।
जुरेल ने दूर से ही स्टंप की तरफ फेंक दी गेंद
केकेआर की टीम जब इस मैच में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जिसमें उन्होंने 5 के स्कोर तक अपने शुरुआती विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कैमरून ग्रीन ने पारी को संभालने का प्रयास किया जिसमें वह आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान पारी के पांचवें ओवर की तीसरी गेंद जो राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई ने फेंकी थी उसपर कैमरून ग्रीन ने आगे निकलकर एक बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रीन को आगे बढ़ते देख बिश्नोई ने गेंद की लाइन बदल दी और लेग साइड की लाइन पर डाली जो वाइड जाते हुए दिखी। इसी दौरान ग्रीन जो आगे बढ़ चुके थे गेंद उनसे दूर लेग साइड की तरफ वाइड की तरफ गई। ध्रुव जुरेल ने लेग साइड की तरफ डाइव लगाते हुए गेंद को पकड़ा लेकिन इस दौरान वह अपना संतुलन बरकरार नहीं रख सके। ऐसे में जुरेल ने वहीं से गेंद को स्टंप की तरफ फेंका जो सीधे जाकर लगी और कैमरून ग्रीन को क्रीज में वापस आने का मौका भी नहीं मिला। ग्रीन इस मैच में 13 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।
रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने दिलाई केकेआर को रोमांचक जीत
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में केकेआर की टीम ने एक समय 85 के स्कोर तक अपने 6 विकेट 14वें ओवर तक गंवा दिए थे। यहां से रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने ना सिर्फ केकेआर की पारी को संभाला बल्कि तेजी के साथ रन बनाए और टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का काम किया। दोनों के बीच 7वें विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी देखने को मिली, जो आईपीएल में सफल रनचेज में 7वें या फिर उससे नीचे के विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई है।
ये भी पढ़ें
अंजिक्य रहाणे का शर्मनाक कारनामा, बैक टू बैक डक से बदनाम लिस्ट में किया टॉप
वैभव सूर्यवंशी का शिकार करते ही वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बज गया डंका