Ajinkya Rahane: IPL 2026 में जहां कुछ खिलाड़ी रिकॉर्ड बना रहे हैं, वहीं कुछ ऐसे भी हैं जिनके नाम अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हो रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए और एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर बैठे।
ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में रहाणे सिर्फ दो गेंदों का सामना कर सके और बिना खाता खोले आउट हो गए। लगातार दूसरे मैच में वह अपना खाता खोलने में नाकाम रहे। इसी के साथ वह IPL इतिहास में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में पार्थिव पटेल को पीछे छोड़ दिया। पार्थिव 11 बार IPL में बतौर ओपनर डक पर आउट हुए थे। अब रहाणे के नाम बतौर सलामी बल्लेबाज 12 डक दर्ज हो गए हैं।
रहाणे बने नांद्रे बर्गर का शिकार
अजिंक्य रहाणे का विकेट पारी के दूसरे ओवर में गिरा, जब नांद्रे बर्गर की शॉर्ट गेंद पर कट शॉट खेलने की कोशिश में कैच आउट हो गए। गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों में चली गई। इस झटके से KKR की पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और टीम ने पहले आठ गेंदों में ही दो विकेट गंवा दिए। बता दें, IPL 2026 का सीजन रहाणे के लिए बहुत खराब बीत रहा है। रहाणे अपनी कप्तानी में अपनी टीम को अब तक एक भी जीत नहीं दिला सके हैं। वहीं, बल्ले से भी उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। पहले मैच में उनके बल्ले से अर्धशतक आया, लेकिन उसके बाद से लगातार 6 मैचों में फ्लॉप रहे हैं।
सलामी जोड़ी ने किया निराश
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कोलकाता के दोनों ही ओपनर ने निराश किया। रहाणे से पहले टिम सीफर्ट भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इस तरह IPL इतिहास में 13वीं बार हुआ है जब किसी टीम के दोनों ओपनर डक पर आउट हुए हों। KKR के लिए आखिरी बार ऐसा 2014 में हुआ था, जब गौतम गंभीर और जैक्स कैलिस भी बिना रन बनाए पवेलियन लौटे थे।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी का शिकार करते ही वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बज गया डंका