Varun Chakravarthy: ईडन गार्डन्स में IPL 2026 के 28वें मुकाबले में जब गेंद वरुण चक्रवर्ती के हाथों में आई, तो बहुत ही खास रिकॉर्ड बन गया। मिस्ट्री स्पिनर ने अपने पहली ही ओवर में धमाका करते हुए खतरनाक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन भेजते हुए इतिहास रच दिया।
वरुण चक्रवर्ती ने छुआ बड़ा मुकाम
राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता के खिलाफ शानदार अंदाज में पारी का आगाज किया। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर पहले ही ओवर से कोलकाता के गेंदबाजो को निशाना बनाया। 8 ओवर में दोनों ने मिलकर 79 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए। इसके बाद 9वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती गेंदबाजी करने आए और वैभव सूर्यवंशी को पवेलियन का रास्ता दिखाते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को पहली सफलता दिला दी। इस विकेट के साथ ही वह T20 क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले सबसे तेज भारतीय स्पिनर बन गए। इतना ही नहीं, वरुण अब सभी भारतीय गेंदबाजों में दूसरे सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने वाले खिलाड़ी भी बन गए।
बता दें, बतौर भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम सबसे तेज 200 T20 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। चक्रवर्ती भारत के 20वें गेंदबाज हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है, जबकि स्पिनरों में वह 10वें स्थान पर हैं।
T20 में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज
- अर्शदीप सिंह – 151 मैच
- वरुण चक्रवर्ती – 155 मैच
- कुलदीप यादव – 160 मैच
- जयदेव उनादकट – 162 मैच
- मोहम्मद शमी – 165 मैच
वरुण के जाल में ऐसे फंसे वैभव
वैभव सूर्यवंशी का विकेट भी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। चक्रवर्ती ने फुल लेंथ और शानदार फ्लाइट के साथ गेंद डाली, जिसे 15 साल के युवा बल्लेबाज ने लेग साइड में बड़े शॉट के लिए खेलना चाहा। लेकिन गेंद की फ्लाइट ने उन्हें पूरी तरह छका दिया। गेंद हवा में ऊंची उठ गई और डीप मिडविकेट पर खड़े रमणदीप सिंह ने दौड़ते हुए शानदार कैच लपक लिया। चक्रवर्ती यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने रियान पराग और यशस्वी जायसवाल जैसे बड़े बल्लेबाजों को भी अपना शिकार बनाया।
IPL 2026 में इस मैच से पहले वरुण का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। वह अपने पहले 3 मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे। हालांकि, चौथे मैच में उन्होंने वापसी करते हुए गुजरात के खिलाफ 34 रन देकर 2 बल्लेबाजों का शिकार किया।
यह भी पढ़ें:
ODI World Cup 2027 से पहले BCCI का बड़ा फैसला, बढ़ाया गया अजीत अगरकर का कार्यकाल