IND vs AUS, 2nd ODI: रोहित शर्मा ने पर्थ में खेले गए पहले ODI से इंटरनेशनल क्रिकेट में लंबे समय बाद वापसी की। हालांकि, उनकी वापसी फीकी रही। ऑस्ट्रेलिया दौरे का आगाज करते हुए रोहित पहले ODI में सिर्फ 8 रन बनाए। इसके बाद फैंस को दूसरे ODI में पूर्व भारतीय कप्तान से काफी उम्मीदें थी। रोहित ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और एडिलेड में शानदार अर्धशतक जड़ते हुए फैंस को जश्न मनाने का मौका दे दिया। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।
दरअसल, पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया का आगाज बेहद धीमा रहा। रोहित और गिल ने संभलकर खेलते हुए पहले 6 ओवर में सिर्फ 17 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। हालांकि, अगले ही ओवर में कप्तान शुभमन गिल (9) और विराट कोहली डक पर पवेलियन लौट गए। एक ही ओवर में 2 विकेट गिरने के बाद रोहित ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा और फिर 19वें ओवर में मिचेल ओवेन की पहली गेंद पर छक्का जड़ते हुए अय्यर के साथ 50 रन की साझेदारी पूरी कर ली। इस तरह रोहित ने बहुत बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। रोहित ने इस छक्के की बदौलत SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में 150 सिक्स पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले पहले एशियन बल्लेबाज हैं।
रोहित शर्मा 73 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 2 शानदार छक्के जड़े। इस अर्धशतकीय पारी के दौरान रोहित शर्मा ने अपना खाता खोलते ही सौरव गांगुली को पछाड़ने का कारनामा किया। पहला रन लेने के साथ ही रोहित ODI में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सौरव गांगुली से आगे निकल गए। इसके बाद जब हिटमैन 54 रन के स्कोर पर पहुंचे तो एडम गिलक्रिस्ट को पीछे कर दिया। अब रोहित शर्मा ODI में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। रोहित से आगे अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर, सनथ जयसूर्या और क्रिस गेल हैं।
यह भी पढ़ें
IND vs AUS: प्लेइंग इलेवन में हुए 3 बड़े बदलाव, एक बार फिर टीम इंडिया की पहले बल्लेबाजी
इस गेंदबाज ने बल्लेबाजी में रच दिया अनोखा कारनामा, पाकिस्तान के खिलाफ उसी के घर में धरदबोचा
संपादक की पसंद