रोहित शर्मा को वनडे में कप्तानी करते हुए अभी बहुत कम समय हुआ है, लेकिन इस कम अंतराल में ही रोहित शर्मा नए नए रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं। अब रोहित शर्मा ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है। वैसे तो रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर से कई कीर्तिमानों में काफी पीछे हैं, लेकिन भारतीय टीम की वनडे में कप्तानी करते हुए उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे कर दिया है। अब कुछ गिने चुने भारतीय कप्तान ही रोहित शर्मा से आगे हैं। इस बारे में हम आपको बताएंगे, लेकिन पहले रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर के बारे में जान लीजिए।
वनडे में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन से आगे निकले रोहित
सचिन तेंदुलकर ने बहुत कम ही वक्त टीम इंडिया की कप्तानी की है। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने कप्तान के तौर पर वनडे में 73 मैचों में 2454 रन बनाए थे। भारत बनाम न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी से पहले तक रोहित शर्मा कप्तान के तौर वनडे में 55 मैचों में 2430 रन बना चुके थे। यानी सचिन तेंदुलकर को पीछे करने के लिए उन्हें केवल 25 रन चाहिए थे। जो उन्होंने हासिल कर लिया। रोहित शर्मा आज वनडे में कप्तान के तौर पर अपना 56वां मैच खेल रहे हैं। यानी सचिन तेंदुलकर के काफी वक्त मैचों में ही रोहित ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान एमएस धोनी हैं। उन्होंने 200 वनडे मैचों में कप्तानी करते हुए 6641 रन बनाए हैं। इसके बाद विराट कोहली का नाम आता है। उन्होंने 95 वनडे मैचों में कप्तानी कर 5449 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा ने वनडे में कप्तान के तौर पर पूरे किए 2500 रन
सचिन तेंदुलकर को पीछे करने के कुछ ही देर बाद रोहित शर्मा ने वनडे में कप्तान के तौर पर 2500 रन भी पूरे कर लिए हैं। रोहित शर्मा से पहले अब तक भारत के 5 ही कप्तान ऐसा कर सके थे। अब रोहित शर्मा ऐसा करने वाले छठे कप्तान बन गए हैं। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में आते ही टीम इंडिया को आक्रामक शुरुआत दी। दूसरी ही बॉल पर उन्होंने काइल जेमिसन को सिक्स लगाकर अपने इरादे जता दिए थे। इस दौरान उन्होंने जल्द ही अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। हालांकि जब वे शतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी रचिन रवींद्र ने उन्हें गच्चा दिया और वे सेंचुरी नहीं बना पाए।
रोहित शर्मा को नहीं मिला शुभमन गिल और विराट कोहली का साथ
रोहित शर्मा ने इस मैच के दौरान 76 रनों की पारी खेली। रोहित ने 83 बॉल का सामना किया और 7 चौकों के साथ साथ तीन छक्के भी लगाए। पहले दस ओवर के बाद रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी कुछ धीमी कर दी थी। रोहित शर्मा को हालांकि सामने से अपने जोड़ीदार का साथ नहीं मिला। शुभमन गिल केवल 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, वहीं विराट कोहली तो केवल एक ही रन बना सके। जब रोहित शर्मा आउट हुए, तब टीम का स्कोर 27वें ओवर में 122 रन ही था। इसके बाद श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने मोर्चा संभाला।
यह भी पढ़ें
भारत और न्यूजीलैंड की टीम ने मिलकर दोहराया इतिहास, 29 साल बाद IND vs PAK मैच की बराबरी
रोहित शर्मा ने सिक्स लगाते ही छुआ नया मुकाम, बाबर आजम को भी कर दिया पीछे