1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा के निशाने पर सचिन तेंदुलकर का खास कीर्तिमान, इस बार होगा चकनाचूर!

रोहित शर्मा के निशाने पर सचिन तेंदुलकर का खास कीर्तिमान, इस बार होगा चकनाचूर!

 Published : Jun 15, 2023 12:00 pm IST,  Updated : Jun 15, 2023 12:00 pm IST

टीम इंडिया अब वेस्‍टइंडीज के टूर पर जाएगी ओर उसके बाद एशिया कप में हिस्‍सा लेंगी, हालांकि अभी तक इसको लेकर तस्‍वीर साफ नहीं है।

Rohit Sharma- India TV Hindi
Rohit Sharma Image Source : GETTY

टीम इंडिया के लिए ये वैसे ठीक ही रहा कि डब्‍ल्‍यूटीसी के फाइनल के बाद उसे करीब एक महीने का लंबा ब्रेक आराम करने के लिए मिल गया। आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार हार के बाद अब भारतीय फैंस का मना क्रिकेट से दूर हो चुका है। अब टीम इंडिया वेस्‍टइंडीज का दौरा करेगी, जहां टेस्‍ट, वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी, लेकिन इसमें अभी वक्‍त है। इसके बाद भारतीय टीम को सितंबर में एशिया कप भी खेलना है। अभी तक न तो इसका वेन्‍यू तय हुआ है और न ही शेड्यूल आया है। पहले तो खबरें ये भी आ रही थीं कि इस बार हो सकता है कि एशिया कप हो ही ना, लेकिन अब इस तरह की अटकलों पर विराम लगता हुआ सा नजर आ रहा है, क्‍योंकि बताया जा रहा है कि पीसीबी की ओर से एशिया कप के लिए जो हाइब्रिड मॉडल पेश किया गया था, उसी के आधार पर इस बार टूर्नामेंट होगा। अगर ऐसा होता है तो टीम इंडिया के कप्‍तान रोहित शर्मा एक नया कीर्तिमान रच सकते हैं, जो काम सालों पहले सचिन तेंदुलकर ने किया था, अब रोहित के पास मौका है कि वे क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दें।

Sachin Tendulkar
Image Source : GETTYSachin Tendulkar

एशिया कप में भारत के लिए सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं सबसे ज्‍यादा रन, दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा 

इस बार का एशिया कप वनडे फॉर्मेट पर होना है, यानी 50 ओवर का मुकाबला। अगर अब तक खेले गए वनडे एशिया कप की बात की जाए तो भारत की ओर से सबसे ज्‍यादा रन बनाने का काम सचिन तेंदुलकर ने किया है। सचिन तेंदुलकर ने एशिया कप में कुल 23 मैचों की 21 पारियों में बल्‍लेबाजी की है और 971 रन बनाए हैं। वहीं भारत की ओर से सबसे ज्‍यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा ने वनडे एशिया कप में अब तक 22 मैचों की 21  पारियों में बल्‍लेबाजी की है और इसमें उनके 745 रन हैं। जो सचिन तेंदुलकर से करीब 226 रन कम। वैसे तो ये आंकड़ा टी20 के हिसाब से ज्‍यादा नजर आता है, लेकिन वनडे में इतने रन एक टूर्नामेंट में बनाए जा सकते हैं। टीम इंडिया को एशिया कप के जिस ग्रुप में रखा गया है, उसमें पाकिस्‍तान और नेपाल भी हैं। यानी टीम इंडिया लीग चरण में दो मैच खेलेगी और इसके बाद संभावना ये भी है कि टीम सुपर 4 में भी चली जाए, क्‍योंकि दोनों कमजोर टीमें भारत के ग्रुप में होंगी। इसके बाद सुपर 4 के मुकाबले होंगे। ऐसे में संभावना है कि भारतीय टीम कम से कम चार से पांच मुकाबले तो जरूर खेलेगी, ऐसे में रोहित शर्मा के लिए 226 रन बनना कोई बहुत ज्‍यादा मुश्किल काम नहीं होना चाहिए। 

Sanath Jaysurya
Image Source : GETTYSanath Jaysurya

एशिया कप में सबसे ज्‍यादा रन श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के नाम 
वैसे एशिया कप जब भी वनडे फॉर्मेट पर हुआ है तो सबसे ज्‍यादा रन बनाने का काम श्रीलंका के सनथ जयसूर्या ने किया है, उन्‍होंने 25 मैचों की 24 पारियों में 1220 रन बनाए हैं, जो सबसे ज्‍यादा हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर कुमार संगकारा हैं, जो 24 मैचों की 23 पारियों में 1075 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। यही दो बल्‍लेबाज हैं, जो एशिया कप में 1000 से ज्‍यादा रन बनाने में सफल रहे हैं। रोहित शर्मा अगर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड ध्‍वस्‍त करने में कामयाब होते हैं तो शोएब मलिक का भी रिकॉर्ड टूट जाएगा, जो अब तक 17 मैचों की 15 पारियों में 786 रन बना चुके हैं। वैसे तो शोएब मलिक ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन वे पाकिस्‍तान के लिए खेल भी नहीं रहे हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल