1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 47 की उम्र में पाकिस्तानी गेंदबाज ने बरपाया कहर, चटकाए 6 विकेट, कंगारू बल्लेबाजों ने टेके घुटने

47 की उम्र में पाकिस्तानी गेंदबाज ने बरपाया कहर, चटकाए 6 विकेट, कंगारू बल्लेबाजों ने टेके घुटने

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 29, 2025 10:27 pm IST,  Updated : Jul 29, 2025 10:27 pm IST

पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सईद अजमल ने WCL में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने इस मैच में छह विकेट अपने नाम किए।

Saeed Ajmal- India TV Hindi
सईद अजमल Image Source : GETTY

WCL 2025: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 में 29 जुलाई को पाकिस्तान चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के बीच एक रोमांचक मैच खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से मात दी। पाकिस्तान के जीत के हीरो उनके पूर्व दिग्गज स्पिनर सईद अजमल रहे जिन्होंने इस मैच 6 विकेट अपने नाम किए। 47 साल के अजमल ने इस मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी कर सभी को काफी प्रभावित किया। मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में पाकिस्तान ने इस टारगेट को 7.5 ओवर में हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज रहे बुरी तरह फ्लॉप

मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान चैंपियंस के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। कंगारू टीम का विकेट गिरने का सिलसिला दूसरे ही ओवर से शुरू हो गया था। उनकी बल्लेबाजी का हाल ऐसा रहा कि 11 में से सिर्फ दो बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक पहुंच पाए। बेन डंक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, उन्होंने 14 गेंदों पर 26 रन की पारी खेली। उनके अलावा कैलम फर्ग्युसन ने 15 गेंदों में 10 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की तरफ से सईद अजमल ने 3.5 ओवर में 16 रन देकर 6 विकेट निकाले। उनके अलावा इमाद वसीम ने 2 विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज ने फेंकी 12 वाइड गेंदें

75 रनों के टारगेट को पाकिस्तान चैंपियंस के बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए आसानी से अपने नाम कर लिया। शरजील खान 23 गेंदों पर नाबाद 33 रन और सोहैब मकसूद ने 26 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के गेंदबाज जॉन हेशटिंग्स काफी चर्चा में रहे, उन्होंने अपने 5 गेंदों के स्पेल में 19 रन लुटाए। इस दौरान उन्होंने 12 वाइड गेंदें फेंकी। इस जीत के बाद पाकिस्तान ने लीग स्टेज का अंत पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पोजीशन पर किया है। पाकिस्तान चैंपियंस की टीम इस सीजन पांच में से 4 मैच जीतने में सफल रही, वहीं इंडिया चैंपियंस के खिलाफ उनका मुकाबला रद्द हो गया था।

यह भी पढ़ें

Duleep Trophy के शेड्यूल का हुआ ऐलान, इस मैदान पर खेले जाएंगे सभी मुकाबले

जसप्रीत बुमराह खेलेंगे पांचवां टेस्ट मैच? कोच ने गेंदबाज की फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल