1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एकमात्र टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने किया प्लेइंग XI का ऐलान, दो साल बाद हुई इस खिलाड़ी की वापसी

एकमात्र टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने किया प्लेइंग XI का ऐलान, दो साल बाद हुई इस खिलाड़ी की वापसी

 Written By: Hitesh Jha
 Published : May 20, 2025 07:12 pm IST,  Updated : May 20, 2025 07:20 pm IST

22 मई से इंग्लैंड की टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। इस मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है।

England Cricket Team- India TV Hindi
इंग्लैंड क्रिकेट टीम Image Source : GETTY

जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है। कप्तान बेन स्टोक्स फिट होकर टीम में वापस आ गए हैं और वो इस मैच में इंग्लिश टीम की अगुवाई करते हुए दिखेंगे। इस टेस्ट मैच की शुरुआत 22 मई से होगी। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस खिलाड़ी को मिला डेब्यू करने का मौका

एसेक्स के तेज गेंदबाज सैम कुक जो इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे वो इस मैच में डेब्यू करेंगे। वहीं लगभग दो साल के बाद जोश टंग की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए आखिरी टेस्ट जून 2023 में लॉर्ड्स में एशेज टेस्ट के दौरान खेला था। कुक ने पिछले कई सालों से काउंटी सर्किट में शानदार प्रदर्शन किया है। वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक 19.85 के औसत से 321 विकेट लिए हैं। उन्होंने एसेक्स के लिए पिछले पांच सीजन में 227 विकेट लिए हैं।

इसके अलावा इंग्लैंड की टीम में ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं। जैक क्रॉली और बेन डकेट ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे, जबकि ओली पोप नंबर 3 पर पर खेलते हुए दिखेंगे। मिडिल ऑर्डर में टीम के पास जो रूट, हैरी ब्रूक और कप्तान बेन स्टोक्स जैसे अनुभवी बल्लेबाज हैं। वहीं विकेटकीपिंग की भूमिका जेमी स्मिथ निभाते हुए नजर आएंगे। युवा ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को फ्रंटलाइन स्पिनर के रूप में चुना गया है। वहीं तेज गेंदबाजी के रूप में जोश टंग, गस एटकिंसन और सैम कुक को टीम में शामिल किया गया है।

चार दिनों का होगा ये टेस्ट मैच

आपको बता दें कि इंग्लैंड और जिम्बाब्वे की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ लगभग 22 साल के लंबे अंतराल के बाद टेस्ट मैच खेलेंगी। यह टेस्ट मैच चार दिनों का होगा। दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट मैच जून 2003 में खेला गया था। उस मैच में इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे को पारी और 69 रनों से मात दी थी। 

जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI

जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), गस एटकिंसन, जोश टंग, सैम कुक, शोएब बशीर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल