1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन ने हासिल किया बड़ा मुकाम, रोहित-कोहली के क्लब का बन गए हिस्सा

संजू सैमसन ने हासिल किया बड़ा मुकाम, रोहित-कोहली के क्लब का बन गए हिस्सा

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Dec 19, 2025 09:28 pm IST,  Updated : Dec 19, 2025 09:28 pm IST

IND vs SA: साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में टीम इंडिया की तरफ से संजू सैमसन को भी खेलने का मौका मिला जिसमें उनके बल्ले से 37 रनों की पारी देखने को मिली जिसके दम पर वह एक खास कमाल करने में कामयाब रहे।

Sanju Samson- India TV Hindi
संजू सैमसन Image Source : PTI

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में लंबे समय के बाद संजू सैमसन को भी शामिल किया गया। भारतीय टीम इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 5 विकेट के नुकसान पर 231 रनों का शानदार स्कोर बनाया। वहीं इस मैच में सैमसन के बल्ले से 22 गेंदों में 37 रनों की पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह एक ऐसा कारनामा करने में कामयाब हुए जो इससे पहले सिर्फ 6 भारतीय खिलाड़ी ही टी20 क्रिकेट में कर सके थे।

सैमसन ने पूरे किए टी20 में अपने 8000 रन

संजू सैमसन जो पिछले काफी समय से प्लेइंग 11 में अपने मौके का इंतजार कर रहे थे, उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी 37 रनों की पारी के दम पर टी20 क्रिकेट में अपने 8000 रनों का आंकड़ा पूरा कर लिया। इसी के साथ संजू अब 7वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जो टी20 क्रिकेट 8 हजार या उससे अधिक रन बनाने में कामयाब हुए हैं। संजू से पहले ये कारनामा रोहित शर्मा, विराट कोहली, शिखर धवन, सूर्यकुमार यादव, सुरेश रैना और केएल राहुल करने में कामयाब हुए थे। संजू सैमसन ने अब तक टी20 क्रिकेट में कुल 320 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.08 के औसत से 8033 रन बनाए हैं। संजू के बल्ले से इस दौरान 6 शतकीय और 51 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।

टी20 इंटरनेशनल में भी पूरे किए हजार रन

भारतीय टीम की तरफ से अब संजू सैमसन टी20 इंटरनेशनल में हजार रनों का आंकड़ा पूरा करने वाले 14वें खिलाड़ी बने हैं। संजू के टी20 इंटरनेशनल करियर को देखा जाए तो उन्होंने ये मुकाम अपने 52वें मुकाबले की 44वीं पारी में हासिल किया। सैमसन ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में कुल 1032 रन 25.80 के औसत से बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से तीन शतकीय और तीन अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वहीं अब सभी की नजरें टीम इंडिया की टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड पर हैं, जिसमें सैमसन को जगह मिलेगी या नहीं इसको लेकर बड़ा सवाल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें

IND vs SA: हार्दिक पांड्या ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों के खोल दिए धागे, अभिषेक शर्मा को छोड़ दिया पीछे

विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे या नहीं, आखिरकार हो गया बड़ा फैसला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल