1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन का आलोचकों को लेकर फूटा गुस्सा, कहा - मैं कोई रोबोट या मशीन नहीं हूं

संजू सैमसन का आलोचकों को लेकर फूटा गुस्सा, कहा - मैं कोई रोबोट या मशीन नहीं हूं

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Sep 16, 2026 09:18 am IST,  Updated : Sep 16, 2026 09:19 am IST

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में संजू सैमसन के बल्ले से 57 रनों की अहम पारी देखने को मिली जिसके बाद उनका बड़ा बयान भी सामने आया और इसमें सैमसन का आलोचकों को लेकर गुस्सा साफतौर पर देखने को मिला।

Sanju Samson- India TV Hindi
संजू सैमसन Image Source : PTI

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में संजू सैमसन जब जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए थे, तो उसके बाद प्लेइंग 11 में उनकी जगह को लेकर काफी सवाल कई पूर्व खिलाड़ियों ने उठाए थे। सैमसन ने सीरीज के दूसरे टी20 मैच में अब 22 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद आलोचकों को लेकर बड़ा बयान भी दिया है। सैमसन की इस पारी के दम पर भारतीय टीम मुकाबले को 7 विकेट से जीतने के साथ सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त लेने में कामयाब हो गई है। वहीं मैच खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैमसन ने अपनी आलोचना को लेकर भी काफी तीखे अंदाज में इसका जवाब दिया जिसमें उन्होंने कहा कि वह कोई रोबोट या मशीन नहीं हैं, उनके ऊपर भी बाहरी शोर का थोड़ा-बहुत असर पड़ता है।

पहले थोड़ा बुरा लगता था और इसका असर पड़ता है

संजू सैमसन ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने में बल्ले से अहम भूमिका अदा की थी, जिसमें वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने में कामयाब रहे थे। वहीं इसके बाद जब भारतीय टीम ने आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर टी20 सीरीज खेली तो वहां पर सैमसन का बल्ला खामोश दिखा जिसके चलते उनको टीम से अपनी जगह भी गंवानी पड़ी थी और जिम्बाब्वे दौरे के लिए उनको स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया था। अब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मैच में भी सैमसन जल्दी अपना विकेट गंवा बैठे थे और उनकी जमकर आलोचना देखने को मिल रही थी। दूसरे टी20 मैच में आखिरकार सैमसन 57 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे जिसमें मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मैं वाई-फाई बंद करने की कोशिश करता हूं। लेकिन कभी-कभी वाई-फाई चालू हो जाता है और कमेंट्स दिख जाते हैं। कोई सीनियर खिलाड़ी कुछ कह देता है तो मुझे लगता है कि यह बहुत सामान्य बात है। मुझे लगता है कि मैं इतना परिपक्व और अनुभवी हो गया हूं कि जानता हूं कि इसे कैसे संभालना है। पहले थोड़ा बुरा लगता था, मैं कोई मशीन या हम रोबोट नहीं हूं जिसमें ऐसा नहीं कह सकते कि मुझ पर इसका कोई असर नहीं पड़ता क्योंकि इसका असर पड़ता है। लेकिन अगर मैं इनपर ध्यान दूंगा तो इससे मेरी बैटिंग पर असर पड़ेगा और फिर मुझे शॉट मारने से पहले दस बार सोचना पड़ता कि यार अगर आउट हो गया तो फिर वाई-फाई की दिक्कत हो जाएगी। इसलिए मैं खुद से बात करता हूं।

मैं वैभव और अभिषेक को विरोधी के तौर पर नहीं देखता

अपने इस बयान में संजू सैमसन ने वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि बाहरी दुनिया के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा मेरे लिए एक कॉम्पिटिटर हैं, लेकिन हम एक टीम हैं और देश के लिए खेल रहे हैं। हम पहले मैच जीतना चाहते हैं और उसके बाद ही व्यक्तिगत चीजों पर बात आती है। हम यह सोचकर उदास नहीं हो सकते या नेगेटिव सोच नहीं रख सकते कि मुझे मौका नहीं मिला, उसे क्यों दिया। ऐसी सोच यहां काम नहीं आती।

ये भी पढ़ें

सीरीज जीत के बाद गदगद हुए कप्तान श्रेयस अय्यर, तीसरे T20I मैच से पहले बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को लेकर भी दिया बयान

मोहम्मद नबी ने T20I में हासिल की बड़ी उपलब्धि, अफगानिस्तान के लिए ऐसा डबल कारनामा करने वाले बने पहले खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल