1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK महामुकाबले से पहले ही पिटी पाकिस्तान की भद्द, ICC रैंकिंग में 11वें नंबर की टीम ने चटाई धूल

IND vs PAK महामुकाबले से पहले ही पिटी पाकिस्तान की भद्द, ICC रैंकिंग में 11वें नंबर की टीम ने चटाई धूल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 10, 2026 12:09 pm IST,  Updated : Jun 10, 2026 12:16 pm IST

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम 14 जून को भारत के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। इससे पहले पाकिस्तान को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

IND vs PAK T20 World Cup- India TV Hindi
भारत बनाम पाकिस्तान Image Source : AP

ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का 12 जून से आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें शिरकत करेंगी, जिन्हें 2 ग्रुप में बांटा गया है। दिलचस्प बात ये है कि भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच 14 जून को बर्मिंघम में हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जिसपर दुनियाभर के फैंस की नजरें टिकी होंगी। हालांकि, इस अहम मैच से पहले पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। दरअसल, T20 वर्ल्ड कप से पहले वॉर्म-अप मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें पाकिस्तान को स्कॉटलैंड जैसी कमजोर टीम से हार का स्वाद चखना पड़ा है। बता दें, ICC T20I टीम रैंकिंग में स्कॉटलैंड की टीम 11वें स्थान पर है। T20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले मिली ये हार पाकिस्तान के लिए अच्छा संकेत नहीं है, क्योंकि टीम वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में मजबूत टीम इंडिया से भिड़ेगी।

स्कॉटलैंड ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

पाकिस्तान और स्कॉटलैंड के बीच वॉर्म-अप मुकाबला 9 जून को डर्बी के काउंटी ग्राउंड में खेला गया, जिसमें पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड की टीम ने कप्तान कैथरीन की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 43 गेंदों पर 94 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं, सलामी बल्लेबाज डार्सी कार्टर ने 45 रनों का योगदान दिया।

बारिश ने बिगाड़ा पाकिस्तान का खेल

स्कॉटलैंड की पारी समाप्त होने के बाद बारिश आ गई, जिससे पाकिस्तान के ओवर्स में कटौती करनी पड़ी। स्कॉटलैंड की बल्लेबाजों के सामने पाकिस्तान की गेंदबाजी पूरी तरह बेअसर नजर आई। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। टीम ने 9 ओवर में 5 विकेट गंवाकर सिर्फ 62 रन बनाए थे कि तभी बारिश ने दोबारा मैच रोक दिया। इसके बाद DLS नियम के तहत स्कॉटलैंड को 41 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए, जबकि इरम जावेद ने 14 रन का योगदान दिया। अब पाकिस्तान की टीम 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में उतरेगी। वहीं स्कॉटलैंड T20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 13 जून को आयरलैंड के खिलाफ करेगी।

यह भी पढ़ें:

ICC की पॉलिसी पर भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स, अफगानिस्तान से टेस्ट स्टेटस वापस लेने की वकालत की

पाकिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम का किया ऐलान, 30 साल के धाकड़ खिलाड़ी को बनाया कप्तान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल